अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026: चम्बा तैयार, सुरक्षा के कड़े इंतजाम; 650 जवान रहेंगे तैनात
राज्यपाल करेंगे भव्य शुभारंभ, 2 अगस्त को मुख्यमंत्री करेंगे समापन
ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर के प्रतीक आठ दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले-2026 के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार को आयोजित एक संयुक्त पत्रकार वार्ता के दौरान एडीसी चम्बा अमित मेहरा तथा पुलिस अधीक्षक (एसपी) विजय सकलानी ने मेले की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था और सांस्कृतिक व खेल कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की।
26 जुलाई को मिंजर ध्वजारोहण से होगा आगाज
एडीसी अमित मेहरा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का शुभारंभ 26 जुलाई को महामहिम राज्यपाल द्वारा किया जाएगा। वहीं, 2 अगस्त को आयोजित होने वाले समापन समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। मेला 26 जुलाई से 2 अगस्त तक विभिन्न सांस्कृतिक, पारंपरिक और खेल गतिविधियों के साथ आयोजित होगा।
महिला सशक्तीकरण और भव्य सांस्कृतिक संध्याएं
- विशेष सांस्कृतिक प्रतियोगिता: गत वर्ष की ‘मेगा नाटी’ की अपार सफलता के बाद, इस बार सेल्फ हेल्प ग्रुप (SHG) और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की लगभग 200 महिलाओं के लिए विशेष सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। विजेता टीम को ₹51,000 का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
- 8 सांस्कृतिक संध्याएं: मेले के दौरान बॉलीवुड, पंजाबी और हिमाचली कलाकारों का जमावड़ा रहेगा। इसमें जस्सी गिल, बब्बल राय, गिप्पी ग्रेवाल, आशीष कौर, यासर देसाई के अलावा प्रसिद्ध हिमाचली कलाकार—पीयूष राज, सुनील राणा, कुलदीप शर्मा, के.एस. प्रेमी, अंकुश भारद्वाज, इशांत भारद्वाज और काकू राम अपने सुरों का जादू बिखेरेंगे।
सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम: ‘एंटी गुंडा स्क्वायड’ पहली बार तैनात
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि मेले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को 4 सेक्टरों में विभाजित किया गया है।
”मेले में करीब 650 पुलिस एवं होमगार्ड के जवान तैनात रहेंगे। पहली बार मेले की सुरक्षा में ‘एंटी गुंडा स्क्वायड’ की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त, महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘एंटी ईव-टीजिंग टीम’ और चिट्टे (ड्रग्स) व नशा तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए विशेष खुफिया टीम सक्रिय रहेगी।”
— विजय सकलानी, एसपी चम्बा
18 खेल प्रतियोगिताएं और पारंपरिक कौड़ी खेल
मेले के दौरान 26 जुलाई से हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस सहित कुल 18 खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस बार दर्शकों के लिए पहली बार महिला जूनियर कबड्डी और पारंपरिक कौड़ी प्रतियोगिता का आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
प्रशासन ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के वाहनों के सुचारू आवागमन के लिए पुलिस ग्राउंड चम्बा में पार्किंग की विशेष व्यवस्था की है।












