छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के चलते दिल्ली में वीकेंड पर रात 8 बजे ही बंद होंगी शराब की दुकानें
नई दिल्ली: दिल्ली में छात्रों के लगातार जारी विरोध-प्रदर्शनों और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आबकारी विभाग ने इस वीकेंड (शनिवार-रविवार) के दौरान राजधानी की सभी शराब दुकानों को रात 8 बजे ही बंद करने के निर्देश दिए हैं। सामान्य दिनों में दिल्ली में शराब दुकानें रात 10 बजे तक खुलती हैं।
सूत्रों के अनुसार, यह फैसला दिल्ली पुलिस द्वारा जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध-प्रदर्शन के कारण बनी वर्तमान स्थिति की जानकारी और इनपुट्स के आधार पर लिया गया है।
अचानक दुकान बंद होने से ग्राहकों को हुई परेशानी
इससे पहले गुरुवार को बिना किसी पूर्व सूचना के शराब दुकानों को समय से पहले (रात 8 बजे) बंद करवा दिया गया था, जिससे कई लोगों को शराब न मिलने पर निराश होकर वापस लौटना पड़ा था।
पुलिस और सरकार का फैसला
दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया,
”पुलिस से मिले सुरक्षा फीडबैक और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के इनपुट्स के आधार पर यह तय किया गया है कि वीकेंड खत्म होने तक शराब की सभी दुकानें रात 8 बजे ही बंद कर दी जाएंगी।”
गौरतलब है कि जंतर-मंतर पर सीजेपी (CJP) के बैनर तले छात्र लगातार अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। सुरक्षा कारणों से आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है और एहतियात के तौर पर दुकानों का समय घटाया गया है।










