पठानकोट में 1 अगस्त को होगा ‘मावां-धियां सत्कारयोग्य योजना’ का राज्य स्तरीय समारोह
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान करेंगे शिरकत; तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित
पठानकोट, 23 जुलाई: पंजाब सरकार की ‘मावां-धियां सत्कारयोग्य योजना’ (Mawan-Dhiyan Satkaryogya Yojana) के तहत 1 अगस्त को व्हाइट मेडिकल कॉलेज, ममून (पठानकोट) में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए डिप्टी कमिश्नर डॉ. पल्लवी के दिशा-निर्देशों पर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
इस समीक्षा बैठक में सुजानपुर के हलका प्रभारी ठाकुर स्वर्ण सिंह सलारिया, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अर्शदीप सिंह, पठानकोट ट्रेड विंग के चेयरमैन डॉ. अनिल भारद्वाज, एसडीएम पठानकोट मंदीप सिंह मान, एसडीएम धार कलां शंकर शर्मा, डीडीपीओ जसवंत सिंह, डीएसएसओ आशीष इंद्र सिंह और जिला जनसंपर्क अधिकारी राम लुभाया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
तैयारियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: एडीसी अर्शदीप सिंह
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जी) अर्शदीप सिंह ने बताया कि इस राज्य स्तरीय समागम में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
”सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें। प्रबंधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढील बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाए।”
— अर्शदीप सिंह, एडीसी (जी), पठानकोट
अधिकारियों ने किया समागम स्थल का निरीक्षण
बैठक के बाद एडीसी अर्शदीप सिंह, हलका प्रभारी ठाकुर स्वर्ण सिंह सलारिया और अन्य अधिकारियों ने व्हाइट मेडिकल कॉलेज, ममून में समागम स्थल का दौरा किया और चल रही तैयारियों का मौके पर निरीक्षण किया।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाओं को समय रहते और सुचारू ढंग से पूरा किया जाए ताकि राज्य स्तरीय कार्यक्रम को भव्य और सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके। जिला प्रशासन द्वारा इस आयोजन को सफल बनाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं












