चंबा पुलिस की बड़ी कामयाबी: बालू में 42.37 ग्राम चिट्टे के साथ एक गिरफ्तार
तलाशी में 217 ग्राम सोना, 479 ग्राम चांदी, 2 आईफोन और 64 हजार से अधिक की नकदी भी बरामद
SIU टीम की 5 घंटे चली लंबी छापेमारी, नशा तस्करों में मचा हड़कंप
चंबा, (जितेंद्र मेहरा):चंबा जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) सेल की टीम ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ एक और बड़ी और सर्जिकल स्ट्राइक की है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बालू क्षेत्र में दबिश देकर एक बड़ी कामयाबी हासिल की। करीब पांच घंटे तक चली इस लंबी और सघन छापेमारी के दौरान पुलिस ने 42.37 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ एक मुख्य नशा तस्कर को धर दबोचा।
पकड़े गए आरोपी की पहचान मनोज कुमार (40) पुत्र प्रेम कुमार, निवासी बालू, डाकघर सुल्तानपुर, जिला चंबा के रूप में हुई है।
करोड़ों के सोने-चांदी और नकदी का भी भंडाफोड़
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, जब एसआईयू (SIU) की टीम ने पुख्ता सूचना के आधार पर तस्कर के ठिकाने पर रेड डाली, तो केवल नशा ही नहीं बल्कि भारी मात्रा में बेहिसाब संपत्ति भी बरामद हुई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 217 ग्राम सोना, 479 ग्राम चांदी, 2 कीमती आईफोन (iPhone) और 64,640 रुपये की नकदी बरामद की गई है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि यह संपत्ति नशे की तस्करी की कमाई से तो नहीं बनाई गई।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस थाना सदर चंबा में आरोपी मनोज कुमार के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगामी पूछताछ और गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हैं।
इस बड़ी और कामयाब कार्रवाई के बाद से क्षेत्र के अन्य नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय जनता ने पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई की सराहना की है।












