पालमपुर
पालमपुर उपमंडल के एक गांव में रविवार रात घरेलू विवाद के दौरान गुस्से में एक रिटायर्ड फौजी द्वारा अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी बंदूक और लाइसेंस अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच जारी है। जानकारी के अनुसार रविवार रात घर में पारिवारिक विवाद के दौरान बहू और बेटे के बीच कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान बहू ने अपने ससुर से शिकायत की। आरोप है कि इस पर तैश में आए ससुर ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से एक फायर कर दिया।
गोली किसी व्यक्ति को नहीं लगी और कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घटना से घर में दहशत फैल गई। घटना के बाद आरोपी के बेटे ने रात में ही पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए उसकी बंदूक तथा शस्त्र लाइसेंस जब्त कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी सेना से सेवानिवृत्त हैं। डीएसपी सुनील राणा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर बंदूक एवं लाइसेंस कब्जे में ले लिया है।








