वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

शादी के नाम पर ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग की बड़ी ठगी, 18 लाख लेकर पूरा परिवार रफूचक्कर

शादी के नाम पर 18 लाख की ठगी, सगाई के बाद दुल्हन का पूरा परिवार हुआ रफूचक्कर

हमीरपुर के संगरोह गांव के परिवार से धोखाधड़ी, फर्जी निकली मैरिज पैलेस की बुकिंग, जांच में जुटी पुलिस

अवाहदेवी (हमीरपुर): हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से शादी के नाम पर एक परिवार से लाखों रुपये की ठगी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने न केवल लड़के वालों को शादी के झूठे झांसे में रखा, बल्कि सगाई के बाद अलग-अलग बहानों से करीब 18 लाख रुपये भी ऐंठ लिए। विवाह की तारीख से ठीक पहले दुल्हन का पूरा परिवार मोबाइल बंद कर गायब हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

चंडीगढ़ में हुई थी भव्य रिंग सेरेमनी

​मिली जानकारी के अनुसार, मामला पुलिस चौकी अवाहदेवी के तहत संगरोह गांव का है। संगरोह निवासी शिकायतकर्ता कुसुम लता ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवती के भाई ने खुद को कांगड़ा बस स्टैंड के समीप का रहने वाला बताया था। दोनों पक्षों की बातचीत और रजामंदी के बाद बीते 20 जून को चंडीगढ़ में एक भव्य रिंग सेरेमनी (सगाई) का आयोजन किया गया था। इस दौरान वर पक्ष ने होने वाली दुल्हन को सोने के आभूषण और कई कीमती उपहार भी भेंट किए थे। सगाई संपन्न होने के बाद दोनों परिवारों ने मिलकर 12 जुलाई को विवाह की तिथि निश्चित की थी।

व्यापार में निवेश के नाम पर ऐंठे 18 लाख रुपये

​शिकायतकर्ता का आरोप है कि सगाई होने के बाद दुल्हन पक्ष के लोगों ने अपने जाल में फंसाना शुरू कर दिया। उन्होंने अपने व्यापार में निवेश और कुछ अन्य पारिवारिक अनिवार्यताओं का हवाला देकर वर पक्ष से करीब 18 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए।

मामा के निधन का बनाया बहाना

पीड़ित परिवार के अनुसार, बीते 7 जुलाई को युवती के भाई ने दूल्हे के परिवार को फोन किया और कहा कि कनाडा में उनके सगे मामा का अचानक निधन हो गया है। इस कारण पूरे परिवार को तुरंत विदेश जाना पड़ रहा है। इस बातचीत के बाद से ही आरोपियों के सभी मोबाइल नंबर स्थाई रूप से स्विच ऑफ आने लगे।

मैरिज पैलेस पहुंचे तो उड़े होश, बुकिंग निकली फर्जी

​दूध का दूध और पानी का पानी तब हुआ जब मोबाइल बंद होने से चिंतित वर पक्ष ने 11 जुलाई को उस मैरिज पैलेस में संपर्क किया, जहां 12 जुलाई को शादी का मुख्य समारोह होना तय बताया गया था। पैलेस प्रबंधन ने जब रिकॉर्ड खंगाला तो बताया कि इस नाम से वहां कोई बुकिंग ही नहीं करवाई गई है। पैलेस की बुकिंग फर्जी निकलते ही पीड़ित परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्हें अहसास हो गया कि वे एक बड़े और शातिर ठग गिरोह का शिकार हो चुके हैं।

​इसके बाद तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए उनके बैंक खातों व मोबाइल लोकेशन को खंगालना शुरू कर दिया है।

Ami News
Author: Ami News

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!