दीनानगर: महिला से छेड़छाड़ के आरोप में ‘पंडित’ गिरफ्तार, इलाके में हड़कंप और भारी विरोध
धर्म और ज्योतिष की आड़ में महिलाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं: स्थानीय लोग
आरोपी पर पहले से भी दर्ज है धार्मिक भावनाएं भड़काने का मामला, कोर्ट ने भेजा जेल

दीनानगर,: इलाके में उस समय हड़कंप और चर्चा का माहौल बन गया, जब पुलिस ने एक महिला से जबरदस्ती छेड़छाड़ और बदसलूकी करने के आरोप में धार्मिक गतिविधियों व ज्योतिष से जुड़े एक तथाकथित पंडित को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि धर्म और ज्योतिष की आड़ लेकर इस तरह की घिनौनी हरकत करना समाज और धर्म दोनों का घोर अपमान है। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि महिलाओं का अपमान करने वाले ऐसे बहरूपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
शाम की सैर के दौरान की वारदात
मामले की जानकारी देते हुए दीनानगर थाना प्रमुख सुरिंदर पाल सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में एक खौफनाक आपबीती सुनाई है। महिला के अनुसार, वह रोज की तरह घर का सारा काम खत्म करने के बाद शाम के समय रेलवे स्टेशन की तरफ टहलने (सैर करने) गई थी।
जब वह रेलवे स्टेशन के गेट के पास पहुंची, तो वहां पहले से ही मोटरसाइकिल पर सवार दीनानगर निवासी चंद्रहास नामक पंडित मौजूद था। आरोपी ने महिला को बीच रास्ते में रोका और उससे उसका मोबाइल नंबर मांगने लगा।

हाथ पकड़कर मोटरसाइकिल पर बैठाने का प्रयास
थाना प्रमुख ने बताया कि जब महिला ने मोबाइल नंबर देने से साफ मना कर दिया, तो आरोपी चंद्रहास अपनी औकात पर उतर आया। उसने कथित तौर पर बदनीयती से महिला का हाथ पकड़ लिया और उसे जबरदस्ती अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाने की कोशिश करने लगा। महिला ने हिम्मत दिखाई और किसी तरह खुद को आरोपी के चंगुल से छुड़ाकर वहां से भागी। बदहवास हालत में घर पहुंचकर उसने अपने परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
कोट (थाना प्रमुख सुरिंदर पाल सिंह): > “महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी चंद्रहास के खिलाफ तुरंत संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया गया है। कानून को हाथ में लेने वाले और महिलाओं से बदसलूकी करने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा।”

पहले से दर्ज है सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट का मामला
पुलिस जांच में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। गिरफ्तार किया गया आरोपी चंद्रहास कोई सीधा-साधा व्यक्ति नहीं है। पुलिस के मुताबिक, इस पंडित के खिलाफ पहले भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और भड़काने का एक मामला दर्ज है। इस ताजा घटना के बाद आरोपी का असली चेहरा सामने आने पर इलाके के लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है और हर तरफ इस घटना की कड़ी निंदा हो रही है।








