वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

AMI News: शाहपुर कंडी के सरकारी स्मार्ट स्कूल में प्रशासनिक अनदेखी, बच्चों का भविष्य खतरे में

AMI News: शाहपुर कंडी के सरकारी प्राइमरी स्मार्ट स्कूल में गंदगी का अंबार, बच्चों की सुरक्षा दांव पर

शाहपुर कंडी (पठानकोट):पंजाब सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों को ‘स्मार्ट स्कूल’ बनाने के दावों के बीच पठानकोट के शाहपुर कंडी से एक हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है. यहां के सरकारी प्राइमरी स्मार्ट स्कूल में पिछले कई महीनों से सफाई न होने के कारण पूरे परिसर में झाड़ियां और जहरीले पौधे उग गए हैं. इससे स्कूल में पढ़ने वाले मासूम बच्चों की सुरक्षा पूरी तरह से दांव पर लग गई है.

शौचालय बदहाल, पीने के पानी के पास लगी गंदगी

स्थानीय लोगों और अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल के बाथरूम और फ्लश बेहद खराब हालत में हैं. शौचालयों में पानी की उचित व्यवस्था नहीं है. स्थानीय निवासी केवल सिंह ने बताया कि बीते दिनों एक बच्चे के पेट में दर्द होने पर जब वह शौचालय गया, तो पानी न होने के कारण उसे काफी देर तक परेशान होना पड़ा, जिसके बाद उसके परिजनों को बुलाकर उसे घर भेजना पड़ा. इसके अलावा, स्कूल में लगा वाटर कूलर भी बेहद गंदी स्थिति में है और उसके पास नुकीली चीजें व कांटे पड़े हैं, जिससे बच्चों को चोट लगने का डर बना रहता है.

परिसर में खुलेआम घूम रहे बेसहारा पशु

ग्रामीणों के मुताबिक, स्कूल परिसर के अंदर बेसहारा पशु (सांड) खुलेआम घूमते रहते हैं. ये पशु मिड-डे मील की प्लेटें चाटते नजर आते हैं. स्कूल के भीतर इन आवारा पशुओं की बेरोकटोक आवाजाही से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है. स्कूल परिसर में किसी की जवाबदेही तय न होने के कारण लगातार गंदगी और खतरा बढ़ रहा है.

जहरीली झाड़ियों से त्वचा रोग का खतरा

शाहपुर कंडी के निवासी और सेना से सेवानिवृत्त नायब सूबेदार रमेश कुमार ने बताया कि स्कूल के ग्राउंड में बेहद खतरनाक जंगली जड़ी-बूटियां और झाड़ियां उग आई हैं. यदि यह जहरीली झाड़ियां बच्चों के शरीर से छू जाएं, तो उन्हें ‘चंबल’ जैसी त्वचा की गंभीर बीमारियां हो सकती हैं. दो-तीन महीनों से खड़ी इन झाड़ियों पर अब फूल भी आ चुके हैं, जिससे खतरा और बढ़ गया है. अभिभावकों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद कर यहां तुरंत पुख्ता इंतजाम किए जाएं.

शिक्षकों ने दिया जल्द व्यवस्था सुधारने का भरोसा

प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग के बीच, स्कूल के शिक्षकों का कहना है कि परिसर में सफाई का काम शुरू करवा दिया गया है. उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही स्कूल की सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर दिया जाएगा, ताकि बच्चों को पढ़ाई के लिए सुरक्षित माहौल मिल सके.

Ami News
Author: Ami News

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!