पठानकोट का गांधी चौक बाजार बदहाली का शिकार, स्थानीय व्यापारियों में भारी रोष

पठानकोट (AMI News): पठानकोट का मुख्य व्यापारिक केंद्र गांधी चौक बाजार इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। नगर निगम की कथित लापरवाही के चलते इस व्यस्त बाजार में दुकानदारों और राहगीरों का जीना मुहाल हो गया है। बाजार में लगातार ओवरफ्लो हो रहा सीवरेज और सड़क के बीचो-बीच खुले पड़े मैनहोल के कारण चारों तरफ गंदगी और असहनीय बदबू फैली हुई है। इस स्थिति के कारण पैदल चलने वाले राहगीरों का यहां से गुजरना बेहद मुश्किल हो गया है।

गहरे गड्ढों के कारण आए दिन हो रहे हादसे
स्थानीय लोगों और दुकानदारों का कहना है कि सड़क पर बने गहरे गड्ढे और ऊंचे बने सीवरेज चैंबर आए दिन हादसों को दावत दे रहे हैं। वाहन चालक विशेषकर दुपहिया वाहन चालक इन गड्ढों और ऊंचे ढांचों के कारण अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

ठप हुआ व्यापार, व्यापारियों ने की प्रशासन से अपील
इस बदहाली से तंग आकर ग्राहकों ने अब गांधी चौक बाजार से दूरी बना ली है, जिसका सीधा असर स्थानीय दुकानदारों के कारोबार पर पड़ा है। व्यापारियों का व्यापार पूरी तरह से ठप होने की कगार पर पहुंच गया है।

स्थानीय व्यापारिक प्रतिनिधियों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह समस्या पिछले करीब डेढ़ साल से बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों (ट्रेड विंग) से पुरजोर मांग की है कि व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और इस गंभीर समस्या का जल्द से जल्द स्थाई समाधान किया जाए।








