AMI News: मंडी में सजेगा बॉलीवुड सितारों का मेला, 3 जुलाई से शुरू होगा देवभूमि इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल

मंडी: हिमाचल प्रदेश की छोटी काशी यानी मंडी शहर एक बार फिर सिनेमा की चकाचौंध और दिग्गज बॉलीवुड सितारों से गुलजार होने वाला है। आगामी 3 से 5 जुलाई तक शहर के मोतीपुर स्थित संस्कृति सदन में तीन दिवसीय ‘देवभूमि इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के आयोजक और प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक पवन शर्मा ने पत्रकार वार्ता में इस मेगा इवेंट की पूरी रूपरेखा साझा की है।
ये बॉलीवुड हस्तियां बढ़ाएंगी मंडी की शान
आयोजक पवन शर्मा ने बताया कि इस तीन दिवसीय कला के महाकुंभ में मायानगरी मुंबई से कई जानी-मानी हस्तियां शिरकत कर रही हैं। मेहमानों की सूची में मुख्य रूप से आदित्य श्रीवास्तव (मशहूर टीवी शो CID फेम-अभिजीत), दिग्गज अभिनेता संजय मिश्रा, यशपाल शर्मा (लगान और गंगाजल फेम), राजेश जैस और हेमंत पांडे जैसे बेहतरीन कलाकार शामिल होंगे।

देश-विदेश की 25 चुनिंदा शॉर्ट फिल्मों का होगा प्रदर्शन
इस भव्य फिल्म फेस्टिवल में देश और दुनिया भर की 25 बेहतरीन शॉर्ट फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। खास बात यह है कि इस सूची में हिमाचल प्रदेश के स्थानीय फिल्मकारों द्वारा तैयार की गई शानदार फिल्में भी शामिल की गई हैं, ताकि लोकल टैलेंट को एक ग्लोबल मंच मिल सके।
अनोखी थीम: ‘हर कोई मेहमान, हर कोई मेजबान’
इस बार फेस्टिवल की थीम बेहद अनूठी रखी गई है, जहां आने वाला हर व्यक्ति अतिथि भी होगा और मेजबान भी। मकसद यह है कि कला और संस्कृति के इस महाकुंभ में हर किसी की बराबर भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। इवेंट में शामिल होने के लिए डेलिगेट पास जारी किए जाएंगे और प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी।
युवाओं के लिए लगेगा सिनेमा का स्कूल
यह आयोजन सिर्फ फिल्मों को देखने तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं और सिनेमा प्रेमियों के लिए सीखने का एक बेहतरीन मंच साबित होगा। फेस्टिवल के दौरान फिल्म निर्माण, अभिनय और पटकथा लेखन (स्क्रिप्ट राइटिंग) की बारीकियां सिखाने के लिए दिग्गज कलाकारों द्वारा मास्टर क्लास और एप्रिसिएशन कोर्स करवाए जाएंगे।

घंटाघर में गूंजेंगे सांस्कृतिक सुर, विभूतियों को मिलेगा सम्मान
फेस्टिवल की रौनक सिर्फ संस्कृति सदन तक सीमित नहीं रहेगी। मंडी के ऐतिहासिक घंटाघर परिसर में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा, साहित्य, कला, लेखन, पत्रकारिता और फोटोग्राफी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को इस बड़े मंच पर सम्मानित भी किया जाएगा।
मंडी को ग्लोबल पहचान दिलाना ही मेरा मकसद: पवन शर्मा
आयोजक पवन शर्मा ने कहा कि मंडी उनका गृह क्षेत्र है और वह अपने शहर को राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। बता दें कि यह इस फेस्टिवल का दूसरा संस्करण है। इससे पहले वर्ष 2024 में जनसहयोग से इसका पहला सफल आयोजन किया गया था।








