शहर में देर रात गुंडागर्दी: AAP नेता का भतीजा तेजधार हथियारों के साथ दबोचा, जमकर हुई ‘चित्तर परेड’
न्यू गोबिंद नगर की घटना: बुटीक और घर के शटर पर हमला, दो आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी

जालंधर: शहर के न्यू गोबिंद नगर (सिल्वर प्लाजा की बैक साइड) में बुधवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बाइक पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश हमलावरों ने एक घर और बुटीक पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने घर के बाहर जमकर हुड़दंग मचाया और पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकियां दीं। हालांकि, भागने की कोशिश कर रहे हमलावरों में से एक को स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके पर ही दबोच लिया। पकड़ा गया आरोपी आम आदमी पार्टी (AAP) के एक स्थानीय नेता का भतीजा निखिल बताया जा रहा है। लोगों ने पुलिस के हवाले करने से पहले आरोपी की जमकर सुताई (चित्तर परेड) भी की।

घर के बाहर आकर दी जान से मारने की धमकी
थाना आठ की पुलिस को दी शिकायत में न्यू गोबिंद नगर निवासी रविंदर जीत कौर (पत्नी नरिंदर सिंह) ने बताया कि वह अपने घर के साथ ही एक बुटीक चलाती हैं। बुधवार रात को अचानक एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक उनके घर के बाहर रुके। आरोपियों ने उनके घर के मुख्य गेट और बुटीक के शटर पर तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। शोर मचाते हुए आरोपियों ने उनके बेटे को बाहर ललकारा और जान से मारने की धमकी दी।

सड़क पर गिरी बाइक, भीड़ ने दबोचा
पीड़ित परिवार ने बताया कि जैसे ही घर के लोग और आसपास के पड़ोसी बाहर निकले, तो हमलावर घबराकर बाइक पर भागने लगे। लेकिन कुछ ही दूरी पर सड़क पर पड़ी ईंटों से टकराकर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसी दौरान मौके पर इकट्ठा हुई भारी भीड़ ने बाइक पर सबसे पीछे बैठे आरोपी निखिल को दबोच लिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहे। गुस्से में आई भीड़ ने निखिल की मौके पर ही ‘चित्तर परेड’ कर दी। उसके पास से एक तेजधार हथियार भी बरामद हुआ है।
फायरिंग की उड़ी अफवाह, शिकायत में जिक्र नहीं
वारदात के बाद इलाके में यह अफवाह भी तेजी से फैल गई कि हमलावरों ने दहशत फैलाने के लिए गोलियां भी चलाई हैं। हालांकि, शिकायतकर्ता महिला रविंदर जीत कौर ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में फायरिंग के आरोपों से साफ इनकार किया है।

पुलिस की कार्रवाई और जांच
सूचना मिलते ही थाना आठ की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल आरोपी निखिल को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। देर रात ही पुलिस संरक्षण में आरोपी का मेडिकल करवाया गया।
थाना प्रभारी का बयान:
- ”मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत दर्ज कर ली गई है। पकड़ा गया आरोपी निखिल पुलिस की हिरासत में है। उसके फरार साथियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”







