गांव सभरा में खूनी खेल: कलयुगी भाई ने तेजधार हथियार से की बहन की हत्या, मां-पत्नी पर भी किया जानलेवा हमला

तरनतारन:थाना सदर पट्टी के अधीन आते गांव सभरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कथित तौर पर मानसिक रूप से परेशान एक युवक ने तेजधार हथियार से अपनी सगी बहन की बेरहमी से हत्या कर दी। इस खूनी खेल के दौरान आरोपी ने अपनी मां और पत्नी पर भी जानलेवा हमला किया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव सभरा के रहने वाले मुख्तियार सिंह के बेटे रसाल सिंह की दिमागी हालत ठीक नहीं है। बीते दिन अचानक रसाल सिंह ने घर में मौजूद अपनी बहन संदीप कौर पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। हमला इतना भयानक था कि संदीप कौर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जब बीच-बचाव करने उसकी मां जसबीर कौर और पत्नी आगे आईं, तो आरोपी ने उन पर भी ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे दोनों लूलहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं।

पालतू पशुओं को भी बनाया निशाना
चश्मदीदों के मुताबिक, रसाल सिंह पर इस कदर खून सवार था कि उसने इंसान ही नहीं, बल्कि घर में बंधे मूक पशुओं को भी नहीं बख्शा। उसने घर के पालतू कुत्ते और बकरियों पर भी तेजधार हथियार से हमला किया। इस हमले में पालतू कुत्ते और एक बकरी की भी मौके पर ही मौत हो गई।
पिता को ढूंढता रहा आरोपी
पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि इस खूनी वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रसाल सिंह अपने पिता मुख्तियार सिंह को भी ढूंढ रहा था। परिजनों का कहना है कि उस वक्त पिता घर पर मौजूद नहीं थे। अगर पिता भी उसके हाथ लग जाते, तो आरोपी उन्हें भी जान से मार सकता था। इस घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।

पुलिसिया कार्रवाई और बयान
इस संवेदनशील मामले को लेकर जब थाना सदर पट्टी के एस.एच.ओ. (SHO) गुरचरण सिंह से बात की गई, तो उन्होंने घटना की पुष्टि की। एस.एच.ओ. ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंच चुकी है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एस.एच.ओ. गुरचरण सिंह का बयान: > “फिलहाल पीड़ित परिवार या किसी भी पक्ष की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान दर्ज नहीं करवाया गया है। परिवार इस समय गहरे सदमे में है। जैसे ही पुलिस को लिखित बयान मिलता है, तुरंत उचित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी और मीडिया को विस्तृत जानकारी दी जाएगी।”








