पांवटा साहिब: कार को आग लगाने के मामले में दो गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा पुलिस रिमांड पर

पांवटा साहिब (सिरमौर):पांवटा साहिब के कोर्ट रोड पर घर के बाहर खड़ी कार को आग के हवाले करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मामले में तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने हरियाणा के यमुनानगर से दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें गहन पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
क्या था मामला?
शिकायतकर्ता रणजीत सिंह, निवासी वार्ड नंबर-8, कोर्ट रोड पांवटा साहिब ने पुलिस को बताया कि 3 और 4 मई की दरमियानी रात करीब 2 बजे घर के बाहर शोर और धुएं के कारण उनकी नींद खुली। बाहर आकर देखा तो उनकी कार (HP 17G-1000) भीषण लपटों से घिरी हुई थी। पड़ोसियों और फायर ब्रिगेड की मदद से जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।

CCTV फुटेज से खुला राज
घटना के बाद जब पीड़ित ने अपने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांची, तो उसमें सनसनीखेज वारदात कैद मिली। फुटेज में दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच युवक घर के गेट के अंदर पेट्रोल छिड़ककर कार को आग लगाते हुए साफ दिखाई दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पांवटा साहिब पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 326(जी), 324(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया। साइबर सेल और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की और दो युवकों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
- कमल (21): पुत्र विजय कुमार, निवासी गांव भगवानपुर, जगाधरी (हरियाणा)।
- निखिल (21): पुत्र सतपाल, निवासी गांव बुढिया चुंगी, जगाधरी (हरियाणा)।

एसपी सिरमौर का बयान
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया, “पुलिस ने दोनों आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है, जहाँ से उनका पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। वारदात में शामिल अन्य तीन आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही वे भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।”
पुलिस अब रिमांड के दौरान यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस वारदात के पीछे क्या रंजिश थी और गिरोह में शामिल अन्य सदस्य कहाँ छिपे हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट, पांवटा साहिब।








