रिश्तों का कत्ल: कलयुगी पिता ने सरेराह बेटे को गोलियों से भूना, फिर खुद भी दी जान
वारदात: न्यू अगर नगर में सनसनी, अवैध संबंधों और संपत्ति विवाद में ‘फौजी’ पिता बना हैवान

लुधियाना ; न्यू अगर नगर की गली नंबर 6 रविवार की देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा उठी। एक रिटायर्ड फौजी पिता ने अपने ही 38 वर्षीय जवान बेटे गुरशरण सिंह उर्फ रिक्की को मौत के घाट उतार दिया। वारदात इतनी जघन्य थी कि पिता ने भागते हुए बेटे का 280 मीटर तक पीछा किया और उसे तब तक गोली मारी जब तक उसकी सांसें नहीं थम गईं। बेटे की हत्या के बाद आरोपी पिता सुरिंदर सिंह ने घर जाकर जहरीला पदार्थ (सल्फास) खाकर खुदकुशी कर ली।
अवैध संबंध और करोड़ों की जमीन बनी विवाद की जड़
पुलिस जांच और परिजनों के अनुसार, इस खूनी संघर्ष की पटकथा करीब तीन साल पहले लिखी गई थी। भारतीय सेना से हवलदार के पद से रिटायर सुरिंदर सिंह की पत्नी की पांच साल पहले मृत्यु हो गई थी। इसके बाद वह एक बैंक में गार्ड की नौकरी करने लगा। इसी दौरान उसका संपर्क मुल्लांपुर दाखा की एक महिला से हुआ। आरोप है कि सुरिंदर ने प्रेम संबंधों के चलते अपनी करोड़ों की जमीन बेचकर सारा पैसा उस महिला को दे दिया था।

विरोध करने पर बेटे को नशा छुड़ाओ केंद्र भेजा
बेटा गुरशरण पिता के इन अवैध संबंधों और संपत्ति बर्बाद करने का विरोध करता था, जिससे घर में अक्सर क्लेश रहता था। विवाद इतना बढ़ गया था कि पिता ने अपने बेटे को रास्ते से हटाने के लिए उसे जबरन नशा छुड़ाओ केंद्र तक भिजवा दिया था।
खूनी संडे: 280 मीटर तक पीछा कर मारी गोली
रविवार रात जब दोनों खाना खा रहे थे, तभी बहस शुरू हुई। तैश में आकर सुरिंदर ने अपनी 12 बोर की दोनाली बंदूक निकाल ली।
- पहली गोली: घर के अंदर चली जो गुरशरण की बाजू में लगी।
- दहशत की दौड़: जान बचाने के लिए गुरशरण खून से लथपथ हालत में गलियों की तरफ भागा।
- अंतिम प्रहार: सिर पर खून सवार पिता ने उसे गलियों में दौड़ा-दौड़कर गोलियां मारीं। करीब 280 मीटर दूर जाकर जब गुरशरण निढाल होकर गिरा, तो पिता ने उसे छलनी कर दिया।

इलाके में सन्नाटा, पुलिस ने तोड़ा दरवाजा
गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। वारदात को अंजाम देकर सुरिंदर चुपचाप घर लौटा और अंदर से दरवाजा बंद कर सल्फास खा लिया। सूचना मिलते ही थाना सराभा नगर की पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा तोड़कर देखा गया तो सुरिंदर बेहोश पड़ा था, जिसकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
“पुलिस ने घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्राथमिक जांच में मामला अवैध संबंधों और घरेलू विवाद का लग रहा है। मामले की गहनता से तफ्तीश जारी है।”
— पुलिस प्रवक्ता








