हरोली से युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, पुलिस ने तेज की तलाश
परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज, एसपी बोले- जल्द लगा लिया जाएगा सुराग

हरोली (ऊना):हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के तहत आते हरोली थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय एक युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

घर से बिना बताए निकली थी युवती
पुलिस को सौंपी गई शिकायत में लापता युवती के परिजनों ने बताया कि वह बीते दिन घर से बिना किसी को कुछ बताए अचानक कहीं चली गई। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी, तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार के सदस्यों ने अपने स्तर पर आसपास के गांवों, सगे-संबंधियों और सहेलियों के घर जाकर पूछताछ की, लेकिन युवती का कहीं कोई सुराग नहीं लग सका।

पुलिस को मिले अहम सुराग
जब हर जगह तलाश करने के बाद भी युवती का पता नहीं चला, तो अंततः हार मानकर परिजनों ने हरोली पुलिस थाना में इसकी सूचना दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस के हाथ कुछ महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं, जिनके आधार पर युवती की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।
”युवती के लापता होने की शिकायत मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई है। तकनीकी साक्ष्यों और प्राप्त सुरागों के आधार पर युवती की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे सुरक्षित ढूंढ लिया जाएगा।”
— सचिन हिरेमठ, पुलिस अधीक्षक (ऊना)








