बटाला के गांव भोमा में खूनी संघर्ष: मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने की अंधाधुंध फायरिंग, दो की मौत

घूमान/बटाला : बटाला के थाना घूमान के अंतर्गत आते गांव भोमा में आज दिनदहाड़े हुई अंधाधुंध फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। इस जानलेवा हमले में दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए जांच शुरू कर दी है।

वारदात का विवरण मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना गांव भोमा से पेरोसाह जाने वाली मुख्य सड़क पर हुई। बताया जा रहा है कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए छह अज्ञात हमलावरों ने अचानक अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं। हमलावरों के निशाने पर आए कश्मीर सिंह और जुगराज सिंह को कई गोलियां लगीं, जिसके कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
एक की हालत गंभीर इस हमले के दौरान एक अन्य व्यक्ति भी गोलियों की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम घायल को बचाने के प्रयास में जुटी है।
“दो मोटरसाइकिलों पर आए 6 हमलावरों ने सड़क पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। हमले के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।” — पुलिस सूत्र









