हिमाचल के पांच दिवसीय प्रवास पर आज शिमला पहुंचेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

- मशोबरा स्थित ‘राष्ट्रपति निवास’ में ठहरेंगी राष्ट्रपति।
- अटल टनल (रोहतांग) और सैन्य प्रशिक्षण कमान (ARTRAC) का करेंगी दौरा।
- पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि होंगी शामिल।
विशेष संवाददाता, शिमला
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार (27 अप्रैल) से हिमाचल प्रदेश के पांच दिवसीय ग्रीष्मकालीन प्रवास पर आ रही हैं। उनके आगमन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, राष्ट्रपति 27 अप्रैल से 1 मई तक राज्य के प्रवास पर रहेंगी। इस दौरान वह राजधानी शिमला के निकट मशोबरा स्थित ऐतिहासिक ‘राष्ट्रपति निवास’ (The Retreat) में रुकेंगी।
ऐसा रहेगा राष्ट्रपति का प्रस्तावित कार्यक्रम:
28 अप्रैल: राजभवन में सम्मान
प्रवास के दूसरे दिन, यानी मंगलवार को राष्ट्रपति शिमला स्थित ‘लोक भवन’ में आयोजित एक भव्य भोज में शामिल होंगी। यह भोज हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल द्वारा उनके सम्मान में आयोजित किया जा रहा है।

29 अप्रैल: सामरिक महत्व की अटल सुरंग का दौरा
बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति और कुल्लू को जोड़ने वाली आधुनिक इंजीनियरिंग की मिसाल ‘अटल सुरंग’ का अवलोकन करेंगी। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस टनल के दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।
30 अप्रैल: पालमपुर में दीक्षांत समारोह और ‘जलपान’
गुरुवार को राष्ट्रपति पालमपुर जाएंगी। वहां वह चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी और मेधावी छात्रों को डिग्रियां प्रदान करेंगी। उसी शाम मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास में ‘जलपान’ (At Home) का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राज्य की कई गणमान्य हस्तियां शामिल होंगी।

01 मई: सैन्य कमान का दौरा और विदाई
अपने प्रवास के अंतिम दिन, राष्ट्रपति शिमला स्थित भारतीय सेना की प्रतिष्ठित ‘सेना प्रशिक्षण कमान’ (ARTRAC) का दौरा करेंगी। सैन्य अधिकारियों से मुलाकात और कमान की गतिविधियों की जानकारी लेने के बाद वह दोपहर बाद दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर शिमला और आसपास के क्षेत्रों को ‘नो फ्लाई ज़ोन’ घोषित किया गया है। मशोबरा और छराबड़ा क्षेत्र में पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किए गए हैं ताकि आम जनता को कम से कम असुविधा हो।








