विदेश भेजने के नाम पर 20 लाख की ठगी, पीड़ित के नाम पर फर्जी लोन लेकर खरीदी कार

घुमारवीं (बिलासपुर): विदेश जाकर पढ़ाई करने और अपना भविष्य संवारने का सपना देख रहे एक युवक के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ठगों ने न केवल युवक से करीब 20 लाख रुपये ऐंठ लिए, बल्कि उसके जाली दस्तावेज (फर्जी डॉक्यूमेंट्स) तैयार कर उसके नाम पर बैंक से लोन उठाकर एक गाड़ी भी खरीद ली। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वीजा दिलाने का दिया था झांसा
जानकारी के अनुसार, हमीरपुर जिले की ढटवाल तहसील के 24 वर्षीय निशांत ठाकुर ने घुमारवीं पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। निशांत का आरोप है कि पंतेहड़ा निवासी अभिषेक कुमार शर्मा और घुमारवीं के एक वकील मनीष शर्मा ने उसे विदेश में पढ़ाई के लिए वीजा दिलवाने का झांसा दिया। आरोपियों के जाल में फंसकर निशांत ने उन्हें अलग-अलग किस्तों में कुल 20,41,364 रुपये दे दिए। यह भुगतान नकद, गूगल-पे और एनईएफटी (NEFT) के माध्यम से किया गया था।
बिना बताए लिया लोन, खाते का भी किया दुरुपयोग
पीड़ित का आरोप है कि भारी-भरकम राशि हड़पने के बाद भी आरोपियों ने उसे वीजा नहीं दिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने निशांत के दस्तावेजों का दुरुपयोग करते हुए उसके नाम पर बैंक से लोन पास करवा लिया और उस पैसे से एक कार खरीद ली। आरोपियों ने पीड़ित के बैंक खाते का इस्तेमाल भी अपने निजी स्वार्थ के लिए किया, जिसकी जानकारी पीड़ित को काफी बाद में हुई।

पुलिस की कार्रवाई
पैसे वापस न मिलने और धोखाधड़ी का पता चलने पर निशांत ने पुलिस की शरण ली। डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया:
”पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जीवाड़ा करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि इस खेल में और कौन-कौन शामिल है। बैंक ट्रांजेक्शन और दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है।”







