दौरांगला: शिक्षा का मंदिर शर्मसार, शिक्षक ने प्लास्टिक के विकेट से मासूम को बेरहमी से पीटा
प्राइमरी स्कूल में हैवानियत: शरारत करने पर 9 साल के बच्चे को बेरहमी से पीटा, शरीर पर उभरे नीले निशान

दौरांगला/दीनानगर : विधानसभा क्षेत्र दीनानगर के अधीन आते ब्लॉक दीनानगर के गांव दौरांगला (गंजी) स्थित सरकारी प्राइमरी स्कूल से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक शिक्षक ने अपनी मर्यादा भूलते हुए 5वीं कक्षा के एक 9 वर्षीय मासूम बच्चे की प्लास्टिक के विकेट से इस कदर पिटाई की कि बच्चे के शरीर पर गहरे जख्म बन गए। घटना के बाद से गांव के लोगों में भारी रोष है और शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
रात को मां ने देखे जख्म, तो निकल पड़ी चीख
जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्चा डरा-सहमा स्कूल से घर लौटा और डर के मारे उसने परिजनों को कुछ नहीं बताया। रात के समय जब उसकी मां उसके कपड़े बदलने लगी, तो बच्चे की पीठ और शरीर पर पिटाई के गहरे निशान देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। दर्द से कराह रहे बच्चे से जब सख्ती से पूछा गया, तो उसने रोते हुए बताया कि स्कूल में शरारत करने पर शिक्षक ने उसे प्लास्टिक के विकेट से बुरी तरह पीटा है।
”मुझे अंदाजा भी नहीं था कि मेरे बच्चे के साथ स्कूल में ऐसा जुल्म हुआ है। जब मैंने उसके शरीर पर नीले निशान देखे तो मेरी रूह कांप गई। एक शिक्षक इतना निर्दयी कैसे हो सकता है?”
— पीड़ित बच्चे की मां

शिक्षक ने मानी गलती, गांव में भारी रोष
मामला उजागर होने के बाद जब गांव के सरपंच, पंचायत सदस्य और ग्रामीण स्कूल पहुंचे, तो आरोपी शिक्षक वहां से नदारद मिला। ग्रामीणों ने जब फोन पर उक्त शिक्षक से संपर्क किया, तो उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी। हालांकि, ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है। गांव के सरपंच और मौजिज व्यक्तियों ने इस घटना को अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक करार दिया है।

ग्रामीणों की मांग: बर्खास्त हो आरोपी शिक्षक
ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मासूम बच्चे पर जुल्म ढाने वाले इस शिक्षक के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए और उसे विभाग से बर्खास्त किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि अगर गुरु ही हैवान बन जाएंगे, तो अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजने से कतराएंगे।







