लुधियाना के प्रमुख स्कूलों और रेलवे ट्रैक को बम से उड़ाने की धमकी, दहशत का माहौल
Spring Dale, मानव रचना और DAV समेत कई स्कूलों को मिला धमकी भरा ई-मेल; बच्चों को सुरक्षित घर भेजा गया

लुधियाना : शहर के शेरपुर रोड स्थित Spring Dale स्कूल सहित कई प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पूरे शहर में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह स्कूल प्रबंधन को एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें न केवल स्कूलों बल्कि शहर के रेलवे ट्रैक को भी निशाना बनाने की बात कही गई है।

ई-मेल में ‘ब्लैकआउट’ और बड़े धमाकों का जिक्र
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे जब स्कूलों में कक्षाएं चल रही थीं, तब प्रबंधन को एक ई-मेल मिला। इसमें चेतावनी दी गई कि ‘ब्लैकआउट’ के कारण 23 और 24 अप्रैल को शहर में बड़े धमाके हो सकते हैं। Spring Dale के अलावा मानव रचना इंटरनेशनल स्कूल, डी.ए.वी. (बीआरएस नगर) और पोदार इंटरनेशनल स्कूल को भी इसी तरह के धमकी भरे संदेश मिले हैं।

एहतियातन स्कूलों की छुट्टी, अभिभावकों में चिंता
स्कूल की चेयरपर्सन अविनाश कौर वालिया ने बताया कि ई-मेल मिलते ही पुलिस को सूचित किया गया। उन्होंने कहा, “बच्चों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है, इसलिए तुरंत एहतियात बरतते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित उनके घर भेज दिया गया है।” अचानक हुई छुट्टी और पुलिस की आवाजाही देख अभिभावकों में डर और चिंता का माहौल बना रहा।

पुलिस और साइबर सेल का सघन तलाशी अभियान
धमकी की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने संबंधित स्कूलों में सघन तलाशी अभियान (Search Operation) शुरू कर दिया।
-
- रेलवे की सुरक्षा बढ़ाई: धमकी में रेलवे ट्रैक का जिक्र होने के कारण रेलवे पुलिस (GRP) और स्थानीय पुलिस ने पटरियों की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
- साइबर सेल सक्रिय: पुलिस की साइबर सेल टीम उस ई-मेल आईडी को ट्रेस करने में जुट गई है जिससे ये संदेश भेजे गए थे।
पुलिस की अपील: वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे घबराएं नहीं। शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। पुलिस फिलहाल यह जांच कर रही है कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत है या किसी गहरी साजिश का हिस्सा।








