सुंदर नगरी की महिला ने नहर में कूदकर की जीवनलीला समाप्त, 10 दिन पहले घर में आई थी नन्ही परी

अबोहर/हनुमानगढ़ रोड: स्थानीय मोहल्ला सुंदर नगरी, गली नंबर 6 की रहने वाली एक 55 वर्षीय महिला द्वारा नहर में कूदकर आत्महत्या करने का समाचार प्राप्त हुआ है। मृतका की पहचान सुमन मोंगा पत्नी पुरुषोत्तम मोंगा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
मंदिर जाने का कहकर निकली थी घर से
जानकारी के अनुसार, सुमन मोंगा बीते कल शाम घर से यह कहकर निकली थीं कि वह मंदिर में प्रसाद चढ़ाने जा रही हैं। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। देर शाम हनुमानगढ़ रोड के पास स्थित नहर के किनारे उनकी स्कूटी और मोबाइल लावारिस हालत में बरामद हुए, जिससे अनहोनी की आशंका गहरा गई।

देर रात बरामद हुआ शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और नर सेवा नारायण सेवा संस्था के स्वयंसेवक तुरंत मौके पर पहुंचे। गोताखोरों और संस्था के सदस्यों के अथक प्रयासों के बाद देर रात महिला का शव कीकर खेड़ा और धर्मपुरा के बीच नहर से बरामद किया गया। संस्था के सहयोग से शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया गया।
खुशियों वाले घर में पसरा मातम
बताया जा रहा है कि मोंगा परिवार में मात्र 10 दिन पहले ही सुमन मोंगा के बड़े बेटे के घर बेटी (पोती) का जन्म हुआ था। घर में नन्ही परी के आने से खुशियों का माहौल था और उत्सव की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस अचानक हुई घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है।

विदेश से बेटे के आने पर होगा पोस्टमार्टम
नगर थाना नंबर-2 के सहायक सब-इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। उन्होंने कहा:
”शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। मृतका का एक बेटा विदेश में रहता है, उसके वापस आने पर परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज किए जाएंगे। बयानों के आधार पर ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया और आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।”








