सिरमौर: मानवता शर्मसार, राजगढ़ सिविल अस्पताल के शौचालय में मिला नवजात का शव

राजगढ़ (सिरमौर): जिला सिरमौर के उपमंडल राजगढ़ के सिविल अस्पताल में बुधवार सुबह एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। अस्पताल के शौचालय की टॉयलेट सीट में एक नवजात शिशु का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।
सफाई कर्मचारी ने दी सूचना
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार सुबह करीब 8 बजे की है। जब एक सफाई कर्मचारी रोजाना की तरह टॉयलेट की सफाई करने पहुंचा, तो उसे टॉयलेट सीट के भीतर कुछ संदिग्ध वस्तु फंसी हुई नजर आई। जब कर्मचारी ने करीब जाकर देखा, तो उसके होश उड़ गए। सीट के भीतर एक नवजात शिशु का शव पड़ा था। कर्मचारी ने तुरंत इसकी सूचना अस्पताल की नर्सों और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों को दी।

पुलिस की कार्रवाई और पोस्टमार्टम
अस्पताल प्रशासन ने बिना देरी किए स्थानीय पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाए।
बीएमओ राजगढ़ डॉ. उपासना शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा:
”अस्पताल के शौचालय में नवजात का शव बरामद हुआ है। यह बेहद दुखद घटना है। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम हेतु मेडिकल कॉलेज नाहन भेज दिया गया है।”

CCTV खंगाल रही पुलिस, दोषियों की तलाश जारी
सिरमौर के पुलिस अधीक्षक (SP) निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और गहनता से छानबीन की जा रही है। पुलिस अब अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह सुराग मिल सके कि नवजात को वहां किसने और कब छोड़ा। साथ ही, हाल ही में अस्पताल में हुई डिलीवरी और गायनी विभाग के रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।








