बेटी की बहादुरी आई काम: बदमाशों की झपटमारी नाकाम, दो गिरफ्तार, एक फरार
पठानकोट जिले के आनंदपुर रड़ा पर एक महिला की सोने की बालियां झपटकर भाग रहे 3 बदमाशों में से 2 को उसकी बेटी ने स्थानीय लोगों की मदद से पकड़ लिया. पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया, जबकि उनका तीसरा साथी फरार हो गया. घटना रविवार शाम की है और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
जानकारी के अनुसार पीपलां मोहल्ला निवासी सुमन अपनी बेटी शिल्पा के साथ स्कूटी पर दांतों का चेकअप कराने आनंदपुर रोड स्थित क्लीनिक जा रही थीं. रास्ते में उन्हें अपनी बुआ को करवाचौथ के व्रत का सामान भी देना था.
आनंदपुर रड़ा पहुंचकर जैसे ही सुमन स्कूटी से उतरीं तो 3 बदमाशों ने उनकी सोने की बालियां झपट लीं. इससे सुमन सड़क पर गिर गईं और घायल हो गईं. जिले में झपटमारी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और पिछले दो महीने में करीब 10 वारदातें हो चुकी हैं.
वारदात के बाद शिल्पा ने हिम्मत दिखाते हुए भाग रहे झपटमारों का पीछा किया. उसने शोर मचाया और लोगों की मदद से दो युवकों को दबोच लिया, जबकि तीसरा आरोपी फरार हो गया. पकड़े गए युवकों की तलाशी के दौरान दोनों बालियां बरामद कर ली गईं. एक बाली तुरंत मिल गई थी, जबकि दूसरी आरोपी ने अपने अंडरगारमेंट्स में छिपा रखी थी.
आरोपियों के पकड़े जाने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उनकी जमकर पिटाई कर दी. सूचना मिलने पर थाना डिवीजन नंबर-1 की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले गई.
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. महिला के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही, फरार चल रहे तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.










