ओल्ड शाहपुर रोड पर मामूली टक्कर के बाद खूनी संघर्ष: 6 के खिलाफ मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
पठानकोट: शहर के ओल्ड शाहपुर रोड स्थित खत्री सभा के सामने बुधवार रात बाइक और स्कूटी की मामूली टक्कर के बाद दो गुटों में हिंसक खूनी संघर्ष हो गया। घटना के दौरान सड़क पर खुलेआम दातर, कापे, भारी डंडे और ईंट-पत्थरों से हमला किया गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और आसपास के दुकानदार व रेहड़ी वाले सहम गए। मारपीट में घायल हुए युवकों का अस्पताल में इलाज जारी है। मामले का संज्ञान लेते हुए थाना डिवीजन नंबर 1 पुलिस ने वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 6 आरोपियों—ललित उर्फ लव, करण, दिवांशू, अश्वनी उर्फ जौली, संजीव उर्फ सिप्पी और साजन उर्फ पांडा (सभी निवासी मोहल्ला काजीपुर)—के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसपी जगदीश अत्री ने बताया कि पुलिस ने कुछ व्यक्तियों को डिटेन किया है और बाकी फरार आरोपियों की तलाश में अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है
घटना से जुड़े कुछ खौफनाक वीडियो और सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिनमें हमलावर सड़क पर गिरे युवक विनय पर बेदर्दी से ईंट-पत्थरों और भारी डंडों से ताबड़तोड़ वार करते दिख रहे हैं। पीड़ित युवक ज़मीन पर पड़ा गिड़गिड़ाता रहा, लेकिन हमलावरों ने उस पर कोई तरस नहीं खाया। वहीं, बीच-बचाव करने आए लोगों के साथ भी हाथापाई हुई।
इस मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित राजकुमार राजू ने इस घटना को पूर्व-नियोजित साजिश करार देते हुए कहा कि करीब 5-6 साल पुरानी रंजिश के चलते 7-8 लोगों ने दोपहर से उनका पीछा किया और जानबूझकर अपनी बाइक उनकी गाड़ी में दे मारी। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उनका बेटा विनय उन्हें बचाने पहुंचा, तो हमलावरों ने दातर, कृपाण और ईंटों से उस पर वार कर उसका जबड़ा और सिर की हड्डी तोड़ दी। फिलहाल विनय गंभीर हालत में आईसीयू (ICU) में भर्ती है।
दूसरी ओर, आरोपी पक्ष के अश्वनी उर्फ जौली का कहना है कि शुरुआत दूसरे पक्ष ने की थी। जौली ने दावा किया कि राजकुमार राजू ने पहले भी उनके बेटे के साथ मारपीट की थी और उस रात टक्कर के बाद उनके बेटे को जबरन थप्पड़ मार दिया। जौली के अनुसार, विनय मुर्गा काटने वाला धारदार हथियार लेकर आया और कपड़े उतारकर सड़क पर लहराते हुए हमला करने लगा, जिससे बचाव में उन्होंने सेल्फ डिफेंस का कदम उठाया। उन्होंने बताया कि इस दौरान उनके हाथ में भी 10-12 टांके आए हैं और फ्रैक्चर हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।











