पठानकोट के सिम्बल चौक पर बेकाबू ट्रैफिक, टला बड़ा सड़क हादसा
पठानकोट के सिम्बल चौक पर इन दिनों यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है, जिसके चलते एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हालांकि इस घटना में गाड़ी को भारी नुकसान पहुंचा है। सिम्बल चौक पर रोजाना लगने वाले भारी जाम और ओवरलोडेड वाहनों के साथ-साथ स्कूल के बच्चों की बसों की आवाजाही से स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। यहाँ अवैध पार्किंग और बेतरतीब ढंग से खड़े होने वाले वाहनों के कारण आए दिन गंभीर खतरे की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
मौजूदा समय में यहाँ केवल ट्रक और चार पहिया वाहनों के टकराने जैसी दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन यदि इस प्रकार की अव्यवस्था जारी रही और किसी दोपहिया वाहन की टक्कर हो गई, तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है। जिस तरह से यहाँ लगातार ट्रैफिक का दबाव बढ़ रहा है, उससे रोजाना लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
इस संबंध में जब पुलिस विभाग से बात की गई, तो उनका कहना था कि यह दुर्घटनाएं मुख्य रूप से अत्यधिक ट्रैफिक के कारण हो रही हैं।
यदि रोजाना इसी प्रकार के हालात बने रहे और ट्रैफिक का यही आलम रहा, तो आने वाले समय में और भी बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर समस्या का जल्द से जल्द कोई स्थायी समाधान निकाला जाए ताकि लोगों की जिंदगी को सुरक्षित बनाया जा सके।












