पठानकोट में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को किया गया नमन, एसएसपी मनप्रीत सिंह और गणमान्य हुए शामिल
पठानकोट के एसएसपी कार्यालय में पुलिस स्मृति दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें एसएसपी मनप्रीत सिंह विशेष रूप से शामिल हुए। इस मौके पर शहीद सैनिक परिवार भलाई संस्था के प्रधान ठाकुर कुंवर विक्की ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए पुलिस कर्मचारियों को याद किया गया और उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान साल 1959 में लद्दाख में शहीद हुए पुलिस जवानों की कुर्बानी को भी याद किया गया।
यह पुलिस स्मृति दिवस उन पुलिस जवानों को समर्पित है जिन्होंने देश की सुरक्षा और लोगों की रक्षा करते हुए अपनी जान कुर्बान कर दी। इस मौके पर शहीद जवानों के साहस और देश के प्रति उनकी सेवा को याद करते हुए उन्हें नमन किया गया।
इस अवसर पर बताया गया कि हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस कोमोरेशन डे यानी पुलिस स्मृति दिवस पूरे पंजाब और पूरे देश में मनाया जाता है। इसकी पृष्ठभूमि यह थी कि हॉट स्प्रिंग्स, लद्दाख में चीन के हमले के दौरान पंजाब पुलिस के जवान शहीद हुए थे। उन्हीं की याद में हर साल यह दिन मनाया जाता है, जिसमें शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है और उनके परिवारों की मुश्किलें सुनकर उनके विचार सुने जाते हैं।
कार्यक्रम में कहा गया कि पंजाब पुलिस का एक गौरवशाली इतिहास रहा है। जब भी राज्य की अमन-शांति को खतरा पैदा हुआ, पंजाब पुलिस के जवानों ने वीरता का परिचय देते हुए बहादुरी के इतिहास रचे हैं। दीनानगर पुलिस स्टेशन पर हुआ आतंकवादी हमला भी पंजाब पुलिस के लिए एक चुनौती था, जिसे बिना सेना की सहायता के पंजाब पुलिस के जवानों ने अंजाम तक पहुंचाकर तीन आतंकवादियों को मार गिराया और पंजाब पुलिस का नाम पूरे भारतवर्ष में रोशन किया। पंजाब पुलिस के जवान सीमाओं के पहरेदार होने के साथ-साथ त्योहारों के भी रखवाले हैं, और जब भी कोई त्योहार आता है तो उनकी ड्यूटी और भी ज्यादा सख्त हो जाती है।
अंत में, एसएसपी साहब और उनकी पूरी टीम ने इस आयोजन के लिए धन्यवाद किया तथा जितने भी शहीदों के परिवार यहां पहुंचे थे, उनके चरणों में शीश झुकाकर उनके त्याग को नमन किया गया।











