जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण ने नशामुक्ति केंद्र में लगाया पुनर्वास प्रशिक्षण शिविर, बीमारियों से बचाव के प्रति भी किया जागरूक
पठानकोट, 21 अक्टूबर: जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण पठानकोट की सचिव-कम-सीजेएम प्रभजोत कौर के निर्देशों पर नशामुक्ति केंद्र पठानकोट में डॉ. सत्यार्थ जांगली और डॉ. रमनदीप कौर की अध्यक्षता में नशा पीड़ितों के पुनर्वास के लिए एक विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर पंजाब स्किल डेवलपमेंट से प्रदीप कुमार (बीएमएम) व विजय भगत (बीटीएम), पंजाब स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी से रिसोर्स पर्सन शोभा अत्री व रजनी, तथा जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण से पीएलवी विनोद कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान स्किल डेवलपमेंट के प्रवक्ताओं ने नशा पीड़ितों को नशा छोड़कर समाज में अपना कारोबार शुरू करने और स्वावलंबी बनने के लिए विभिन्न हुनर प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों (स्किल डेवलपमेंट कोर्सेज) की जानकारी दी। इसके साथ ही एड्स कंट्रोल सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने नशीले इंजेक्शनों के इस्तेमाल से होने वाली गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवन शैली अपनाने की प्रेरणा दी।
वहीं, जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण के पीएलवी विनोद कुमार ने बताया कि प्राधिकरण की ओर से हर नशा पीड़ित को मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान की जाती है, ताकि वे नशे की दलदल से बाहर निकलकर समाज में एक बेहतर और सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकें। इस मौके पर काउंसलर मनभावन सिंह और काउंसलर कुसुम भी मौजूद थे।











