पंजाब रोडवेज, पीआरटीसी और पनबस कर्मचारियों का ऐलान: 21 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल, ठप हो सकती है बस सेवा
पंजाब के सरकारी बस यात्रियों के लिए बड़ी और जरूरी खबर सामने आई है। पंजाब रोडवेज, पीआरटीसी और पनबस के कच्चे कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर आगामी 21 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया है। कर्मचारी जत्थेबंदी का कहना है कि सरकार लंबे समय से बैठकों के दौरान मांगें मानने का सिर्फ आश्वासन दे रही है, लेकिन उन्हें धरातल पर लागू नहीं किया जा रहा है, जिसके चलते कर्मचारियों को मजबूरन हड़ताल का कड़ा कदम उठाना पड़ रहा है। इस हड़ताल के मद्देनजर 20 अक्टूबर की दोपहर से ही बसों को रात की ड्यूटी पर बाहर न भेजने और उन्हें वापस डिपो में लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पंजाब रोडवेज, पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष रेशम सिंह गिल ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार के साथ कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन हर बार कुछ दिनों का समय मांगकर मामले को टाल दिया जाता है। उनके अनुसार पिछले छह महीनों में ट्रांसपोर्ट विभाग से संबंधित मांगों को लेकर सात से आठ बार मीटिंग हो चुकी हैं, मगर नतीजा सिफर रहा है और कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।
कर्मचारियों की मुख्य मांगों में आउटसोर्सिंग प्रथा को पूरी तरह समाप्त करना और ठेकेदारों तथा बिचौलियों की भूमिका को खत्म करना शामिल है। रेशम सिंह गिल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने विधानसभा में घोषणा की थी कि ठेकेदारों को बीच से हटाकर कर्मचारियों को सीधे सरकार के अधीन लाया जाएगा, लेकिन यूनियन का दावा है कि इस दिशा में अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
यूनियन की मांग है कि सरकार तत्काल एक स्पष्ट नोटिफिकेशन जारी करे, जिसके माध्यम से ठेकेदारों और बिचौलियों की भूमिका खत्म हो और कर्मचारियों को सीधे विभाग के अधीन किया जा सके। इस अनिश्चितकालीन हड़ताल के चलते 21 अक्टूबर से पंजाब भर में सरकारी बसों से सफर करने वाले आम यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।











