वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

नशा तस्करी के खिलाफ नूरपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: ₹74.12 लाख की संपत्ति फ्रीज, अब तक ₹30.70 करोड़ की अवैध कमाई पर कसा शिकंजा

​नशा तस्करी के खिलाफ नूरपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: ₹74.12 लाख की संपत्ति फ्रीज, अब तक ₹30.70 करोड़ की अवैध कमाई पर कसा शिकंजा

​जवाली/नूरपुर:पुलिस जिला नूरपुर द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक अभियान के तहत नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर लगातार कड़ा प्रहार किया जा रहा है। इसी कड़ी में एनडीपीएस अधिनियम (NDPS Act) के तहत की गई बड़ी कार्रवाई में कुल ₹74,12,854 मूल्य की चल-अचल संपत्ति की फ्रीजिंग पर सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली द्वारा अंतिम मुहर लगा दी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क को करारा झटका लगा है।

​अवैध कमाई से खड़ा किया था शॉपिंग कॉम्प्लेक्स

मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 6 अक्टूबर 2025 को पुलिस थाना जवाली में वाणिज्यिक मात्रा में मादक पदार्थों की बरामदगी पर प्राथमिकी (FIR No. 129/2025) दर्ज कर आरोपी रमेश कुमार को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी और उसके परिजनों की संपत्तियों की वित्तीय जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अवैध कमाई से गांव लभ (डाकघर मक्राहन, तहसील जवाली) में दो मंजिला आवासीय भवन-सह-शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण करवाया था, जिसमें सात दुकानें शामिल हैं। इस संपत्ति का अनुमानित मूल्य ₹68,99,462 निर्धारित किया गया है।

​ट्रैक्टर खरीद का भी नहीं मिला वैध स्रोत

वित्तीय जांच के दौरान आरोपी के बेटे अंकित चौधरी के नाम पर वर्ष 2019 में ₹5,13,392 में खरीदे गए ट्रैक्टर (पंजीकरण संख्या HP38F6433) की खरीद के स्रोतों की भी पड़ताल की गई। सक्षम प्राधिकारी के समक्ष ट्रैक्टर खरीद के समर्थन में कोई वैध आय प्रमाण, बैंक खाते का विवरण या आयकर रिटर्न पेश नहीं किया जा सका। वर्ष 2023 से 2027 के बीच प्रस्तुत आईटीआर भी 2019 में हुई खरीद को जायज ठहराने में नाकाम रहे, जिसके बाद इस ट्रैक्टर को भी फ्रीज करने की पुष्टि कर दी गई।

​संपत्तियों के लेन-देन और बिक्री पर पूरी तरह रोक

जवाली पुलिस द्वारा 18 सितंबर 2026 को NDPS Act की धारा 68F(1) के तहत जारी फ्रीजिंग आदेश पर संज्ञान लेते हुए सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, SAFEM(FOP)A एवं NDPS Act, नई दिल्ली ने 15 अक्टूबर 2026 को धारा 68F(2) के तहत आदेश की पुष्टि की। इस पुष्टि के बाद अब इन दोनों संपत्तियों के हस्तांतरण, बिक्री या किसी भी प्रकार के वित्तीय लेन-देन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।

​अब तक ₹30.70 करोड़ से अधिक की संपत्ति हो चुकी है जब्त

नूरपुर पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई को केवल मादक पदार्थों की बरामदगी और गिरफ्तारियों तक सीमित न रखकर तस्करों के पूरे आर्थिक तंत्र को ध्वस्त करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नूरपुर ने बताया कि पुलिस जिला नूरपुर द्वारा अब तक नशा तस्करों की ₹30,70,05,711 (30 करोड़ 70 लाख 5 हजार 711 रुपये) मूल्य की अवैध संपत्तियों को सक्षम प्राधिकारी से पुष्टि के बाद जब्त कराया जा चुका है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें।

Ami News
Author: Ami News

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!