अदीस अबाबा पहुंचे विदेश मंत्री एस. जयशंकर, भारत और इथियोपिया के बीच रणनीतिक साझेदारी को मिलेगी मजबूती
भारत और इथियोपिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से विदेश मंत्री एस. जयशंकर शुक्रवार को इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा पहुंच गए हैं। अदीस अबाबा हवाई अड्डे पर पहुंचने पर इथियोपिया के विदेश राज्य मंत्री बरहानू त्सगाए (Berhanu Tsegaye) ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस यात्रा को लेकर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “नमस्ते, अदीस अबाबा! इथियोपिया पहुंचकर बहुत खुशी हुई। राज्य मंत्री बरहानू त्सगाए, गर्मजोशी से स्वागत के लिए आपका धन्यवाद।” उन्होंने आगे कहा कि वह दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए सार्थक चर्चा की उम्मीद कर रहे हैं।
वहीं, इथियोपिया के विदेश राज्य मंत्री बरहानू त्सगाए ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि इस उच्च-स्तरीय यात्रा से दोनों देशों के बीच बहुपक्षीय साझेदारी को और अधिक मजबूती मिलेगी, जिसका उद्देश्य आपसी संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है। अपनी इस यात्रा के दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर अदीस अबाबा में ‘क्षेत्रीय मिशनों के प्रमुखों’ (Heads of Regional Missions) के सम्मेलन की अध्यक्षता भी करेंगे।











