पठानकोट में शाम ढलते ही चरमरा जाती है ट्रैफिक व्यवस्था, जाम से जूझ रहे शहरवासी
पठानकोट शहर में शाम ढलते ही ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है और जाम की स्थिति अब हर रोज की कहानी बन चुकी है। मेन गांधी मार्केट से सिविल अस्पताल जाने वाली सड़क हो, मिशन रोड का रास्ता हो या फिर ब्राह्मण सभा और खतरी सभा की ओर मुड़ने वाली सड़क, शाम होते ही यह पूरा इलाका गाड़ियों के लंबे काफिले में तब्दील हो जाता है।
ट्रैफिक का यह चक्रव्यूह यहीं तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर के लगभग सभी प्रमुख हॉटस्पॉट इस समय भारी अव्यवस्था की चपेट में हैं। पटेल चौक से लेकर पीर बाबा चौक, मॉडल टाउन, ढांगू रोड और पूरा ढांगू रोड शाम के समय पूरी तरह जाम से कराह उठता है। वहीं, लाइटों वाले चौक से पीर बाबा चौक और आगे ढाकी की तरफ जाने वाले रास्ते पर भी गाड़ियों का सैलाब देखने को मिलता है, जिससे ऐसा लगता है मानो पूरा पठानकोट शहर ही इस ट्रैफिक अव्यवस्था का शिकार हो चुका है। स्थानीय निवासियों, दुकानदारों और वाहन चालकों का कहना है कि शाम के वक्त सड़कों पर ट्रैफिक इस कदर रेंग-रेंग कर चलता है कि चंद मिनटों का सफर तय करने में लोगों को घंटों मशक्कत करनी पड़ रही है। इस भारी जाम के कारण न सिर्फ आम जनता, कामकाजी लोग और व्यापारी परेशान हैं, बल्कि सिविल अस्पताल जाने वाली एंबुलेंस और गंभीर मरीजों को भी इस भीषण ट्रैफिक में घंटों फंसे रहना पड़ रहा है। सड़कों पर बढ़ता अतिक्रमण, बेतरतीब पार्किंग और शाम के समय बढ़ती भीड़ इस समस्या को और विकराल बना रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस से गुहार लगाई है कि इन सभी मुख्य चौराहों और सड़कों पर शाम के वक्त विशेष ट्रैफिक पुलिस तैनात की जाए और मुख्यता इंतजाम किए जाएं, अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस पर कब तक कोई कार्रवाई करता है और कब तक पठानकोट वासियों को इस ट्रैफिक जाम से निजात मिलती है।











