4 मुख्य थानों को मिले नए SHO
पठानकोट में बड़ा पुलिस फेरबदल देखने को मिला है। एसएसपी मनप्रीत सिंह ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए शहर के तीन मुख्य पुलिस थानों के थाना प्रभारियों और कई अहम सेल्स के प्रमुखों के तबादले कर दिए हैं। यह फेरबदल पंजाब पुलिस एक्ट 2007 के तहत एस्टेब्लिशमेंट बोर्ड की सिफारिशों पर तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
इसमें थाना नंगलभूर के एसएचओ और वुमेन सेल इंचार्ज को पुलिस लाइन भेजा गया है, जबकि पुलिस लाइन से 2 सब-इंस्पेक्टरों को थाना नंगलभूर और थाना डिवीजन नंबर 2 की कमान सौंपी गई है। एसएसपी दफ्तर द्वारा रविवार देर रात जारी आदेश के तहत स्थानांतरित किए गए सभी अधिकारियों को तुरंत प्रभाव से अपनी पुरानी तैनाती छोड़कर नए तैनाती स्थल पर रिपोर्ट करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
थाना डिवीजन नंबर 1 के तहत, अब तक थाना डिवीजन नंबर 2 के प्रभारी रहे सब-इंस्पेक्टर विजय कुमार को थाना डिवीजन नंबर 1 का नया SHO बनाया गया है। वहीं, यहां तैनात इंस्पेक्टर दविंदर काशनी को ट्रांसफर कर थाना मामून कैंट का एसएचओ नियुक्त किया गया है।
थाना डिवीजन नंबर 2 के तहत, पुलिस लाइन से आए सब-इंस्पेक्टर पलविंदर सिंह को थाना डिवीजन नंबर 2 की कमान सौंपी गई है।
थाना मामून कैंट के तहत, यहां तैनात इंस्पेक्टर प्रीति को पुलिस कंट्रोल रूम का इंचार्ज लगाया गया है। इंस्पेक्टर दविंदर काशनी को ट्रांसफर कर थाना मामून कैंट का एसएचओ नियुक्त किया गया है।
थाना नंगलभूर के तहत, सब-इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह को पुलिस लाइन से थाना नंगलभूर का नया प्रभारी बनाया गया है, जबकि यहां तैनात सब-इंस्पेक्टर जगदीश कुमार को पुलिस लाइन ट्रांसफर कर दिया गया है।
वूमेन सेल और EO विंग की कमान भी बदली। वुमेन सेल के तहत, डिस्ट्रिक्ट ट्रेनिंग स्कूल और अन्य सेल्स की जिम्मेदारी संभाल रहीं इंस्पेक्टर अमनप्रीत कौर को अब वुमेन सेल पठानकोट का नया इंचार्ज बनाया गया है।
इकोनॉमिक ऑपेंस (EO) विंग के तहत, सोशल मीडिया सेल इंचार्ज इंस्पेक्टर हरप्रीत कौर को ईओ विंग का मुख्य प्रभार दिया गया है। इसके साथ ही वे सोशल मीडिया सेल, डिस्ट्रिक्ट ट्रेनिंग स्कूल, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, रिक्रूटमेंट सेल और युवा सांझ पठानकोट का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगी।











