AMI News: पठानकोट में पुरानी कचहरी के पास दातर दिखाकर युवक से लूट, 15 हजार नकदी और बाइक छीनी
भदरोआ निवासी कृष्ण कुमार, जो एक बाइक रिपेयर की दुकान पर काम करता है, अपनी मोटरसाइकिल पर स्विमिंग पूल लमीनी वाली साइड जा रहा था। रास्ते में उसे प्रीत नगर निवासी सनी माफिया अपने एक अज्ञात साथी के साथ मिला। कृष्ण आरोपी को पहले से जानता था क्योंकि वह उसकी दुकान पर मोटरसाइकिल ठीक करवाने आता-जाता था। आरोपियों ने इशारा करके उसकी बाइक रुकवाई और कृष्ण को डरा-धमकाकर खुद बाइक चलाने लगे, जिसमें बीच में कृष्ण को और पीछे अपने साथी को बैठा लिया।
भदरोआ में पूर्व पार्षद के घर के पास से होते हुए वे उसे पुरानी कचहरी की तरफ ले गए। कृष्ण ने पुलिस को बताया कि पुरानी कचहरी के पास पहुंचते ही पीछे बैठे अज्ञात आरोपी ने दातर निकालकर प्रीत नगर निवासी युवक सनी माफिया के हाथ में थमा दिया। आरोपियों ने हथियार के बल पर पीड़ित को डराते हुए कहा कि जो कुछ भी उसके पास है चुपचाप निकाल दे, और जबरन उसके पर्स से 15,000 रुपये कैश तथा उसकी बाइक छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी पीड़ित को जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़ित कृष्ण कुमार की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए थाना डिवीजन नंबर 1 पठानकोट की पुलिस ने आरोपी सनी माफिया निवासी प्रीत नगर और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।











