AMI News: पठानकोट के कोठे मनवाल गांव में सैलून पर रात के समय चली गोली, शटर और काउंटर को चीरकर दीवार में धंसी
पठानकोट:पठानकोट के कोठे मनवाल गांव में एक सैलून पर रात के समय गोली चलने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। गोली सैलून के शटर, एल्युमिनियम शीट और काउंटर को पार करते हुए अंदर दीवार में जा लगी। गनीमत यह रही कि घटना के समय सैलून बंद था, जिससे किसी के भी घायल होने की कोई सूचना नहीं है।
रात करीब 9 बजे बंद हुई थी दुकान
सैलून मालिक राहुल ने बताया कि वह रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह जब वह सैलून खोलने पहुंचे तो शटर पर गोली लगने का निशान दिखाई दिया। अंदर जांच करने पर दीवार में गोली का निशान मिला, इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस, एक गोली बरामद
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। जांच अधिकारी मोहित टाक के अनुसार, पुलिस ने सैलून के अंदर से एक गोली बरामद की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सैलून को निशाना बनाकर एक ही राउंड फायर किया गया था।
पुलिस को फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किस दिशा से चलाई गई और घटना के पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं। अधिकारी के मुताबिक, इस्तेमाल किए गए हथियार की जानकारी जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
घटनास्थल पर साक्ष्य जुटा रही पुलिस
पुलिस आसपास के क्षेत्र में भी जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास से खाली खोल, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फायरिंग के कारणों का पता लगाया जा रहा है।











