LPU हिंसा मामला: मिग-23 फाइटर जेट पर चढ़कर उपद्रव करने वाला नाबालिग आरोपी गिरफ्तार, पिता हैं डीसी ऑफिस में अधिकारी
- पुलिस अब तक कुल 5 आरोपियों को कर चुकी है गिरफ्तार
- सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से हुई पहचान
- चांसलर अशोक मित्तल बोले- सैन्य उपकरणों के अपमान से आहत हैं युवा
फगवाड़ा/जालंधर:
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हाल ही में भड़की हिंसा और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो और युवकों को गिरफ्तार किया है। इस नई गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस अब तक कुल 5 उपद्रवियों को शिकंजे में ले चुकी है। खास बात यह है कि ताजा गिरफ्तारियों में शामिल एक युवक नाबालिग है, जो हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले का रहने वाला है। आरोपी के पिता मंडी डीसी कार्यालय में अधिकारी के पद पर तैनात बताए जा रहे हैं।
CCTV और वायरल वीडियो से खुला राज
घटना के बाद पुलिस ने यूनिवर्सिटी परिसर और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और रील्स की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान ही यूनिवर्सिटी परिसर के बाहर स्थापित किए गए MIG-23UM फाइटर जेट पर चढ़कर उपद्रव करने वाले इस युवक की पहचान हुई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में यह नाबालिग आरोपी MIG-23UM फाइटर जेट के ऊपर खड़ा नजर आ रहा था, जबकि उसके ठीक पीछे आग की लपटें उठती दिखाई दे रही थीं। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। इससे पहले पुलिस इस मामले में 3 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिन्हें अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
सैन्य उपकरणों के अपमान पर छलका दर्द
इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए यूनिवर्सिटी के चांसलर अशोक मित्तल ने कड़ा रोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि कैंपस के बाहर MIG-23 फाइटर जेट और 1971 के युद्ध में इस्तेमाल किया गया टैंक इसलिए लगाया गया है ताकि युवाओं में सेना के प्रति देशप्रेम की भावना जागे और वे प्रेरित हों। हिंसा के दौरान कुछ उपद्रवियों द्वारा इन पर चढ़कर हुड़दंग मचाना हमारे वीर सैनिकों और इन ऐतिहासिक सैन्य उपकरणों का सीधा अपमान है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हिंसा और आगजनी में शामिल अन्य उपद्रवियों की पहचान के लिए लगातार फुटेज खंगाली जा रही है। कानून को अपने हाथ में लेने वाले किसी भी बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











