एनएच-154 पर अवैध कॉलोनियों का बड़ा खुलासा: बिना मंजूरी पहाड़ियां काटकर बेचे जा रहे प्लॉट, प्रशासन सख्त
एनएच-154 पर पठानकोट और डमटाल के बीच राम गोपाल मंदिर रोड पर अवैध प्लॉटिंग का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां पहाड़ियों को काटकर जगमगाती लाइटें और चमचमाता दफ्तर बनाकर अवैध प्लॉटों का खेल खेला जा रहा है। रैरा (RERA) अप्रूवल और पक्की रजिस्ट्री का झूठा दिलासा देकर आम जनता को ठगा जा रहा है।
नेशनल हाईवे-154 पर डमटाल से महज आधा किलोमीटर दूर राम गोपाल मंदिर को जाने वाले रास्ते पर किसी समय एक फैक्ट्री हुआ करती थी, लेकिन आज इस फैक्ट्री और आसपास की पहाड़ियों को काटकर यहां प्लॉट काटे जा रहे हैं। प्रॉपर लाइटिंग, सड़कें और सेल्स ऑफिस बनाकर लोगों को लुभाने की पूरी तैयारी की गई है। खरीदार बनकर जब इस मामले की पड़ताल की गई तो दावा किया गया कि रैरा अप्रूवल के लिए अप्लाई किया जा चुका है और प्लॉटों की रजिस्ट्री करवा दी जाएगी।
इस दावे की सच्चाई जानने के लिए जब धर्मशाला के टाउन एंड कंट्री प्लानिंग ऑफिसर और रैरा अधिकारियों से बात की गई, तो यह साफ हुआ कि ऐसी किसी भी परमिशन के लिए कोई एप्लीकेशन नहीं दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक यह पूरा प्रोजेक्ट बिना किसी मंजूरी के चल रहा है। प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए इंदौरा और नूरपुर के तहसीलदार को इस जमीन की रजिस्ट्री न करने के निर्देश दिए हैं।
जो लोग अपनी मेहनत की कमाई लगाकर यहां प्लॉट खरीद चुके हैं, उनके भविष्य को लेकर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। बिना लीगल परमिशन के प्लॉट बेचना आम जनता के साथ सीधा धोखा है। धर्मशाला टाउन प्लानिंग डिपार्टमेंट ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही एक विशेष टीम मौके पर पहुंचकर जांच करेगी और नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।












