पठानकोट में कर्मचारियों और पेंशनरों का फूटा गुस्सा: पंजाब सरकार के खिलाफ लामबंद होकर दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

पठनकोट के माधनपुर में पीडब्ल्यूडी फील्ड एंड वर्कशॉप वर्कर्स यूनियन के बैनर तले कर्मचारियों और पेंशनरों ने पंजाब सरकार के खिलाफ जोरदार रोष प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में राज्य सरकार की वादाखिलाफी और कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों को नजरअंदाज किए जाने को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला। प्रदर्शनकारियों ने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए तुरंत प्रभाव से डीए (महंगाई भत्ता) और पे कमीशन के बकाया पैसे जारी करने की मांग की। यूनियन नेताओं ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं किया, तो आने वाले समय में राज्यभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि पंजाब सरकार कर्मचारियों के प्रति गंभीर नहीं है और कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने तथा पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को बहाल करने के मामलों में सिर्फ टालमटोल की जा रही है।
गुरदासपुर डिवीजन में वित्तीय अनियमितताओं और डीए की किस्तें न मिलने के कारण कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति दयनीय हो गई है। यूनियन ने आगामी 6 अक्टूबर को चंडीगढ़ स्थित शिवरेज बोर्ड कार्यालय (एच.ओ.डी.) के बाहर और 10 अक्टूबर को संगरूर में मुख्यमंत्री के हलके में विशाल महा-रैली करने का ऐलान किया है, जिसमें हजारों कर्मचारी सरकार की नींद उड़ाने के लिए सड़कों पर उतरेंगे।
इसके अलावा गुरदासपुर और माधनपुर डिवीजनों के अधिकारियों की कार्यप्रणाली के खिलाफ 16 अक्टूबर को भी धरना दिया जाएगा। यदि सरकार ने समय रहते इन मसलों का समाधान नहीं किया, तो आने वाले चुनावों में पंजाब सरकार को इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।










