रमा चोपड़ा कॉलेज से कबीर चौक तक सड़क निर्माण में भारी लापरवाही और खानापूर्ति; बरसों से परेशान जनता को कब मिलेगी राहत? – AMI न्यूज
पठानकोट के रमा चोपड़ा कॉलेज से कबीर चौक तक जाने वाली सड़क के निर्माण कार्य में भारी लापरवाही और खानापूर्ति का मामला सामने आया है। इस सड़क के निर्माण के लिए करीब 6 महीने पहले लगभग 11 लाख रुपये का टेंडर पास हुआ था, जिसके निर्देशों के तहत यहां सड़क का निर्माण शुरू हुआ था। लेकिन निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुधारने के बजाय पुरानी इंटरलॉकिंग टाइलों को ही उखाड़कर, टूटी-फूटी टाइलों को मिट्टी के सहारे दोबारा लगाया जा रहा है।
मामला तूल पकड़ने और संबंधित विभाग के जागने के बाद, एक्सियन (Executive Engineer) परमजीत सिंह ने यहाँ चल रहे निर्माण कार्य को सुचारू और ठीक ढंग से करने के निर्देश संबंधित ठेकेदार को दे दिए हैं।
एक्सियन परमजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सड़क का एस्टीमेट लगभग 7,700 वर्ग फीट का है, जिस पर ड्राई लीन कंक्रीट और आरएमसी (RMC) का काम किया जाना है। गली की चौड़ाई अलग-अलग होने के कारण हर 3-3 फीट की दूरी पर माप लेकर चौड़ाई तय की जा रही है। इसके अलावा, यदि कहीं वाटर सप्लाई या सीवर की लाइन में रिपेयर की जरूरत है, तो उसे भी ठीक किया जाएगा ताकि सड़क की री-सर्फेसिंग प्रॉपर तरीके से हो सके।
सालों से इस सड़क की बदहाली का सामना कर रहे स्थानीय लोगों की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि क्या विभाग की चेतावनी के बाद भी ठेकेदार इस काम को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कर पाएगा या जनता की मुश्किलें जस की तस बनी रहेंगी।











