अवैध घुसपैठ रोकने के लिए ट्रंप प्रशासन का कड़ा कदम, मेक्सिको सीमा पर शुरू हुआ दीवार का निर्माण
अमरीका में ट्रंप प्रशासन ने प्रवासियों के खिलाफ अपना रुख और अधिक सख्त कर दिया है। देश में अवैध प्रवासियों को डिपोर्ट करने की कार्रवाई के साथ-साथ अब प्रशासन ने अमरीका में उनकी नई एंट्री को रोकने के लिए भी कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी के तहत, ट्रंप प्रशासन ने टेक्सास के मशहूर और संवेदनशील ‘बिग बेंड’ इलाके में अमरीका-मेक्सिको सीमा पर दीवार का निर्माण कार्य आधिकारिक तौर पर शुरू कर दिया है।
अमरीका और मेक्सिको की सीमा करीब 2,000 मील तक फैली हुई है। इस पूरी सीमा को कवर करने के लिए प्रशासन की ओर से हर हफ्ते करीब 12 मील के क्षेत्र में स्टील की दीवार का निर्माण किया जा रहा है। राष्ट्रपति के रूप में डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के दौरान अब तक 200 मील से अधिक का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है।
‘बिग बेंड’ क्षेत्र को बनाया जा रहा है सुरक्षित
टेक्सास का ‘बिग बेंड’ इलाका अपनी पहाड़ियों, गहरी घाटियों और रियो ग्रांडे नदी के कारण अमरीका और मेक्सिको के बीच एक प्राकृतिक सीमा के रूप में जाना जाता रहा है। मेक्सिको के रास्ते आने वाले गैर-कानूनी प्रवासियों ने इस प्राकृतिक मार्ग को अमरीका में प्रवेश का मुख्य जरिया बना लिया था। इस रास्ते को बंद करने के लिए ही अब ट्रंप प्रशासन इस 30 फीट ऊंची मजबूत स्टील की दीवार का निर्माण करवा रहा है।
पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने जताई चिंता
दूसरी ओर, इस निर्माण कार्य को लेकर पर्यावरण प्रेमियों और ‘बिग बेंड नेशनल पार्क’ के समर्थकों ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि इससे स्थानीय जंगली जीवों के आने-जाने का प्राकृतिक रास्ता बंद हो जाएगा और क्षेत्र के नाज़ुक इकोसिस्टम को भी नुकसान पहुंचेगा। इसके अलावा, कई स्थानीय जमीन मालिकों ने भी प्रशासन द्वारा अपनी निजी जमीन अधिग्रहित किए जाने के फैसले का विरोध किया है।
सुरक्षा और नशा तस्करी पर लगाम लगाना प्राथमिकता
इन विरोधों के बीच अमरीकी सरकार और बॉर्डर सिक्योरिटी अधिकारियों का कहना है कि अवैध अप्रवासन और नशा तस्करी पर रोक लगाने के लिए सीमा के हर हिस्से को पूरी तरह सुरक्षित करना बेहद जरूरी है, जिसके तहत यह कार्रवाई की जा रही है।











