अमेरिका का रूस पर बड़ा शिकंजा: तेल-गैस खरीदने वाले देशों पर 100% टैरिफ का रास्ता साफ, ईरान पर प्रतिबंध भी 5 साल बढ़े

अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रूस के खिलाफ आर्थिक प्रतिबंधों को और अधिक कड़ा करते हुए एक नए अहम कानून पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। इस नए कानून के तहत रूसी तेल और गैस के बड़े खरीदार देशों पर 100 फीसदी तक का भारी-भरकम टैरिफ लगाया जा सकता है। इसके साथ ही, ईरान पर अमेरिकी प्रतिबंधों की अवधि को भी 5 साल के लिए बढ़ा दिया गया है।
व्हाइट हाउस और सीनेटर केटी ब्रिट द्वारा जारी बयान के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रम्प ने शुक्रवार को इस अहम बिल को मंजूरी दे दी है। यह कानून रूस को यूक्रेन के खिलाफ युद्ध के लिए मिल रही आर्थिक फंडिंग को रोकने और उसके मददगारों पर सख्त कार्रवाई करने का अधिकार देता है।
- भारत और चीन के लिए बढ़ सकती है चिंता: यह नया कानून अमरीकी राष्ट्रपति को रूसी कच्चे तेल या प्राकृतिक गैस के 5 सबसे बड़े आयातक देशों पर 100 फीसदी तक टैरिफ लगाने का अधिकार देता है। हालांकि अभी तक किसी खास देश का नाम जारी नहीं किया गया है, लेकिन यह भारत और चीन के लिए चिंता का विषय बन सकता है, क्योंकि ये दोनों देश रूस से सबसे अधिक तेल खरीदते हैं।
- किन्हें मिलेगी छूट?: जिन देशों का रूसी प्राकृतिक गैस का आयात कुल गैस निर्यात के 15 फीसदी से कम है और वे इसे घटाने के लिए बड़े कदम उठा रहे हैं, उन्हें इस टैरिफ से छूट दी जाएगी।
- अन्य सख्त पाबंदियां: इन प्रतिबंधों का दायरा सिर्फ ऊर्जा खरीद तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें रूसी अधिकारी, अमीर कारोबारी, उनके परिवार, रूसी बैंक, वित्तीय संस्थाएं और रूस का अवैध ‘शैडो फलीट’ (तेल टैंकर बेड़ा) भी शामिल हैं।










