भुंतर से दियार जा रही युवती से टैक्सी में छेड़खानी और मारपीट, चालक के खिलाफ मामला दर्ज
कुल्लू:भुंतर से दियार जा रही एक 25 वर्षीय युवती के साथ टैक्सी चालक द्वारा सुनसान जंगल में ले जाकर छेड़खानी और मारपीट करने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
अप्पड़ जमोट के पास सुनसान जंगल में ले गया आरोपी
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, दियार निवासी इशिता शर्मा ने घटना की सूचना तुरंत 112 हेल्प लाइन पर दी। पीड़िता ने बताया कि उसने भुंतर से दियार जाने के लिए 500 रुपए किराए पर एक टैक्सी (नंबर एच.पी.-34डी-8728) बुक की थी। यात्रा के दौरान टैक्सी चालक रूम सिंह, जो कि जमोट का रहने वाला है, उसे निर्धारित रास्ते से ले जाने के बजाय अप्पर जमोट के समीप एक सुनसान जंगल की तरफ ले गया।
विरोध करने पर की मारपीट
सुनसान जगह पर पहुंचते ही आरोपी चालक ने गाड़ी रोक दी और युवती के साथ अश्लील हरकतें करने लगा। जब पीड़िता ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की।
112 हेल्प लाइन से बची जान, पुलिस ने शुरू की तलाश
घटना के वक्त घबराने के बजाय पीड़िता ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत 112 हेल्प लाइन नंबर पर कॉल करके पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई। पुलिस ने कॉल मिलते ही तत्परता दिखाई और आरोपी टैक्सी चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगामी कार्रवाई तेजी से की जा रही है और आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।











