डलोजी रोड और पटेल चौक सर्विस रोड पर अवैध पार्किंग और जाम की समस्या
डलोजी रोड से पटेल चौक की ओर जाने वाले सर्विस रोड पर अवैध पार्किंग की समस्या लगातार गंभीर बनी हुई है। ट्रैफिक इंचार्ज द्वारा दो दिनों तक लगातार मौके पर आकर चालान काटने और कड़ी कार्रवाई करने के बावजूद यहाँ के हालात जस के तस बने हुए हैं। स्थिति यह है कि आज भी सड़क के बिल्कुल किनारे धड़ल्ले से गाड़ियां पार्क की जा रही हैं।
इस मार्ग पर न केवल कारें बल्कि घोड़ा गाड़ियाँ, ऑटो और रिक्शा भी बेतरतीब तरीके से खड़े किए जा रहे हैं। खरीदारी करने आने वाले लोग धड़ल्ले से अपनी गाड़ियाँ सड़क किनारे छोड़ रहे हैं,
जिससे पूरे इलाके में जाम की स्थिति और हादसों का खतरा लगातार मंडरा रहा है। सवाल यह उठता है कि अगर भविष्य में इन अनियोजित गाड़ियों की वजह से कोई बड़ा हादसा होता है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?
विभाग अपनी तरफ से लगातार कार्रवाई और चालान काटने की औपचारिकता पूरी कर रहा है, लेकिन आम जनता नियमों के प्रति अब भी पूरी तरह लापरवाह है। जब तक लोग खुद जागरूक होकर तय स्थानों पर वाहन पार्क नहीं करेंगे, तब तक इस समस्या से निजात मिलना मुश्किल है।












