पंजाब-हरियाणा विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल भेजने वाले की तलाश में जुटी पुलिस
चंडीगढ़ स्थित पंजाब और हरियाणा विधानसभा भवन को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही ऑपरेशन सेल, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें तुरंत विधानसभा परिसर पहुंचीं।
सुरक्षा बलों ने चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी ली, लेकिन राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पुलिस इसे महज अफवाह मानकर नजरअंदाज नहीं कर रही है, बल्कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू पर बारीकी से जांच की जा रही है।
इस बीच, साइबर सेल ने ई-मेल के सोर्स और तकनीकी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है ताकि धमकी भेजने वाले का सुराग लगाकर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
गौरतलब है कि इससे पहले भी शहर के कई अन्य सरकारी कार्यालयों को इस तरह की फर्जी धमकियां मिल चुकी हैं, जिनमें जांच के दौरान कुछ नहीं मिला। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन फर्जी ई-मेल के पीछे किसी शरारती तत्व का हाथ है या यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा है।











