चंबा के परेल पुल मामला: एक महीने बाद मां सारिका ने पति के दावे पर उठाए गंभीर सवाल, गहराई से जांच की मांग
चंबा के परेल पुल से मासूम गगनदीप को रावी नदी में फेंके जाने के मामले में लगभग एक महीने बाद नया मोड़ सामने आया है। गगनदीप की मां सारिका ने अपने पति के उस दावे पर सवाल उठाए हैं, जिसमें बच्चे को रावी नदी में फेंकने की बात कही गई थी। सारिका का कहना है कि उन्हें इस कहानी पर भरोसा नहीं है और उन्हें शक है कि बच्चे के साथ कुछ और हुआ हो सकता है।
इसी को लेकर सारिका ने डीसी चंबा और पुलिस अधिकारियों को शिकायत दी है। उन्होंने पूरे मामले की दोबारा और गहराई से जांच करने की मांग की है। सारिका ने अपनी शिकायत में कहा है कि घटना के समय उसके पति के साथ एक महिला भी मौजूद थी। उन्होंने उस महिला, उसकी मां और भाई से पूछताछ करने की मांग की है।
इसके अलावा सारिका ने परेल स्थित क्वार्टर्स के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज जांचने की मांग भी की है। उन्होंने अपने पति के तीन मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल और लोकेशन की भी जांच करवाने की मांग की है। सारिका का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और लोगों के बयान सामने आने के बाद ही मामले की सच्चाई सामने आ सकती है।
करीब एक महीने बाद भी गगनदीप का कोई सुराग नहीं मिला है। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि गगनदीप आखिर कहां है? क्या वह सच में रावी नदी में बह गया या फिर इस मामले के पीछे कोई और ही सच्चाई छिपी है?












