सलूणी के मलाल स्कूल में जोनल खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अमित शर्मा ने की शिरकत
सलूणी/मलाल:राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मलाल में अंडर-14 छात्रा वर्ग की जोनल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता काार्यक्रमा का समापन धूमधाम से हुआ। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी डलहौज़ी के अध्यक्ष अमित शर्मा ने इस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। विद्यालय प्रशासन, एसएमसी सदस्यों और स्टाफ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
विजेता और प्रतिभागी छात्राओं को बधाई देते हुए मुख्य अतिथि अमित शर्मा ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन की यादें ताजा करते हुए भावुक अंदाज में साझा किया कि करीब 26 साल पहले वे इसी स्कूल के छात्र रहे हैं और ज़ोन तथा ज़िला स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं। उन्होंने कहा कि जिस मैदान में वे कभी खिलाड़ी थे, आज उसी मैदान में मुख्य अतिथि के रूप में खड़े होना उनके लिए बेहद गौरव का क्षण है।
छात्राओं से संवाद करते हुए उन्होंने मोबाइल के अत्यधिक उपयोग और नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहने की कड़ी सलाह दी। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज के युवाओं के हाथों में नशे की बजाय किताबें और खेल का सामान होना चाहिए। साथ ही, उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे बेटियों की छिपी हुई प्रतिभा को पहचानें और उन्हें आगे बढ़ने के लिए समान अवसर दें।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित सभी छात्राओं को शुभकामनाएं दीं और सफल आयोजन के लिए विद्यालय के प्रधानाचार्य, अध्यापकों, खेल प्रशिक्षकों व एसएमसी कमेटी का आभार व्यक्त किया। इस दौरान “खेलेंगी बेटियां — बढ़ेंगी बेटियां, पढ़ेंगी बेटियां — आगे बढ़ेंगी बेटियां” का नारा गूंज उठा।













