भारत और कुवैत के बीच रक्षा सहयोग मजबूत: संयुक्त रक्षा समिति की पहली बैठक में ट्रेनिंग और सैन्य अभ्यास बढ़ाने पर सहमति
भारत और कुवैत ने रक्षा और सैन्य सहयोग को और मजबूत करने का बड़ा फैसला किया है। नई दिल्ली में आयोजित भारत-कुवैत संयुक्त रक्षा समिति की पहली बैठक में दोनों देशों ने ट्रेनिंग और सैन्य अभ्यास के क्षेत्रों में आपसी साझेदारी बढ़ाने पर सहमति जताई है।
यह बैठक दिसंबर 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुवैत यात्रा के दौरान हुए रक्षा सहयोग समझौते को आगे बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम है।
बैठक की सह-अध्यक्षता रक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव अमिताभ प्रसाद और कुवैती प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल राएद अलसकरान ने की। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में सेना के तीनों अंगों, रक्षा उत्पादन विभाग, डीआरडीओ, सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा और विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।











