AMI News: विकास के दावों के बीच मूलभूत सुविधाओं को तरस रही न्यू उत्तम गार्डन कॉलोनी, बदहाली देख फूटा लोगों का गुस्सा
पठानकोट/मनवाल: पठानकोट के पंचायत क्षेत्र मनवाल स्थित न्यू उत्तम गार्डन कॉलोनी के निवासी पिछले 20 वर्षों से मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि 20 साल बीत जाने के बाद भी किसी भी प्रशासनिक अधिकारी या जनप्रतिनिधि ने इस कॉलोनी की सुध नहीं ली है, जिससे लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
टूटी सड़कें और उफनते नाले बने मुसीबत
स्थानीय निवासियों के अनुसार कॉलोनी की मुख्य सड़क की हालत बेहद खस्ता हो चुकी है और अंदरूनी गलियां अभी भी कच्ची हैं। बारिश का मौसम आते ही जगह-जगह जलभराव हो जाता है, जिससे सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं। कॉलोनी में स्थित स्कूल जाने वाले बच्चे और उनके अभिभावक अक्सर इन गड्ढों में गिरकर चोटिल होते रहते हैं। इसके अलावा, नाले की नियमित सफाई न होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर भर जाता है।
संपर्क मार्ग और पुलियों की बदहाली
कॉलोनी के निवासियों ने बताया कि कुछ समय पूर्व उन्होंने अपनी जेब से पैसे जुटाकर मुख्य रास्ते की पुलिया का निर्माण कराया था, लेकिन हालिया बारिश में वह पुलिया भी बह गई। वहीं दूसरे रास्ते पर बन रही पुलिया का काम लंबे समय से अधूरा पड़ा है। कॉलोनी में न तो स्ट्रीट लाइट की उचित व्यवस्था है और ना ही पीने के पानी की सुचारू सुविधा मिल पा रही है।
सरपंच और प्रशासन पर अनदेखी का आरोप
निवासियों का आरोप है कि चुनाव के समय वोट मांगने आने वाले प्रतिनिधि चुनाव जीतने के बाद मुड़कर नहीं देखते। पिछले 10 वर्षों में विकास का कोई ठोस कार्य नहीं कराया गया है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि प्रशासन और संबंधित विभाग तुरंत इस ओर ध्यान दें और बंद पड़े नालों की सफाई, टूटी सड़कों की मरम्मत तथा पुलिया का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर करवाएं।











