वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

AMI News: चंबा की बेटी का कमाल: आपदा में आशियाना टूटा, लेकिन नहीं टूटे गुंजन के हौसले

चंबा की बेटी का कमाल: आपदा में आशियाना टूटा, लेकिन नहीं टूटे गुंजन के हौसले

​’किसमे कितना है दम’ टीवी रियलिटी शो के ग्रैंड फिनाले से महज़ एक कदम दूर, जीत की राशि से बनाना चाहती हैं पिता का टूटा घर

 

​डाकघर गोली (चंबा) घर की दीवारें ढह सकती हैं, लेकिन अगर इरादे मजबूत हों तो सपनों की उड़ान को कोई तूफ़ान नहीं रोक सकता।” इस कहावत को सच कर दिखाया है डलहौजी उपमंडल के टिकरू गांव (डाकघर गोली) की होनहार बेटी गुंजन ने। बीते वर्ष बादल फटने की दर्दनाक घटना में परिवार का आशियाना उजड़ जाने के बाद भी गुंजन ने हार नहीं मानी। आज वही बेटी अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर के टीवी रियलिटी शो “Kisme Kitna Hai Dum” में धमाल मचा रही है और ग्रैंड फिनाले से महज एक कदम दूर है।

​जिस दिन था ऑडिशन, उसी सुबह कुदरत ने ढहाया कहर

​26 अगस्त 2025 का दिन गुंजन और उनके परिवार के लिए किसी भयानक सपने से कम नहीं था। गुंजन टीवी रियलिटी शो के ऑडिशन के लिए निकलने की तैयारी ही कर रही थीं कि अचानक बादल फटने से उनके घर का अगला हिस्सा देखते ही देखते ज़मींदोज हो गया। एक ही पल में परिवार की खुशियां और गुंजन के सपने बिखरते नजर आए।

​संघर्ष और जुनून: तीन राउंड पार, अब फिनाले पर नज़र

​कठिन परिस्थितियों और आर्थिक तंगी के बावजूद गुंजन ने हिम्मत नहीं हारी। अपने डांस के प्रति जुनून को जिंदा रखते हुए उन्होंने शो में कदम रखा और अपनी कड़ी मेहनत के बल पर लगातार तीन राउंड सफलतापूर्वक पार कर लिए।

​वर्तमान में पूरे हिमाचल को चौथे राउंड के नतीजों का इंतजार है। यदि इस राउंड में गुंजन बाजी मारती हैं, तो वह सीधे ग्रैंड फिनाले में पहुंचकर पूरे प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

​”जीत की राशि से दोबारा बनाऊंगी पिता का घर”

​एक होटल में काम करके परिवार का पेट पालने वाले पिता रवि कुमार और गृहिणी मां रीना कुमारी के लिए यह पल बेहद भावुक कर देने वाला है। दादा-दादी, बड़ी बहन मन्नत और छोटे भाई के सहयोग ने गुंजन को इस मुकाम तक पहुंचाया है। जब परिवार ने पहली बार गुंजन को टीवी स्क्रीन पर प्रदर्शन करते देखा, तो सभी की आंखें खुशी से नम हो गईं।

​गुंजन का कहना है कि यह प्रतियोगिता उनके लिए सिर्फ एक ट्रॉफी जीतने की लड़ाई नहीं है। उनका सबसे बड़ा सपना शो जीतकर मिलने वाली इनामी राशि से अपने पिता का टूटा हुआ घर दोबारा बनाना है।

​पूरे प्रदेश को गुंजन से उम्मीदें

​घर गंवाने के बाद भी अपने सपनों की अलख जगाए रखने वाली चंबा की यह बेटी आज लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी है। अब पूरे हिमाचल प्रदेश की दुआएं और शुभकामनाएं गुंजन के साथ हैं, ताकि वह चौथा राउंड जीतकर फिनाले में पहुंचे और अपने आशियाने को फिर से संवार सके।

Ami News
Author: Ami News

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!