पठानकोट: नेशनल हाईवे 44 के पास होलसेल दुकान के ताले तोड़े, नकदी व सामान चोरी
पठानकोट (पंजाब): नेशनल हाईवे-44 के पास स्थित पुल नंबर 4 के समीप रात के अंधेरे में बेखौफ चोरों ने एक होलसेल की दुकान को अपना निशाना बनाया। चोर दुकान के ताले और शटर तोड़कर हजारों रुपये मूल्य का सामान व नकदी चुराकर मौके से फरार हो गए।
सुबह दुकान खोलने पहुंचे मालिक के उड़े होश
दुकान मालिक संजीव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जब वे सुबह अपनी दुकान खोलने पहुँचे, तो उन्होंने देखा कि दुकान का शटर और ताले टूटे हुए थे। अंदर जाने पर पूरा सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़ित के अनुसार, चोर दुकान से भारी मात्रा में सिगरेट के पैकेट, महंगी चॉकलेट्स तथा अन्य कन्फेक्शनरी का सामान समेट कर ले गए। इसके अलावा गल्ले में रखी लगभग 3,000 से 4,000 रुपये की नकदी भी गायब थी।
पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू
घटना की सूचना तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा पीड़ित की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।













