जान जोखिम में डालकर उफनता नाला पार करने को मजबूर 4 पंचायतों के ग्रामीण
चंबा (शिव शर्मा): जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र की भलोडी पंचायत से एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने शासन और प्रशासन के विकास के दावों की हवा निकाल दी है। यहाँ के खैरना खड्ड पर बनी ‘तरंगड़ी’ (झूला पुल) का वजूद अब खत्म हो चुका है। अब केवल बची है एक जंग लगी लोहे की तार, जिसके सहारे ग्रामीण रोजाना अपनी जान हथेली पर रखकर उफनते नाले को पार करने पर मजबूर हैं।
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ग्रामीण उफनते नाले के ऊपर तनी जंग लगी तार के सहारे एक किनारे से दूसरे किनारे पहुँचते दिखाई दे रहे हैं।
चार पंचायतों की मुख्य लाइफलाइन
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह खतरनाक रास्ता केवल एक गाँव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह चार पंचायतों को आपस में जोड़ता है। रोजमर्रा के सामान, इलाज और स्कूली शिक्षा के लिए बच्चे, बुजुर्ग और युवा इसी मौत के रास्ते से गुजरते हैं। जरा सी चूक या तार टूटने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता है।
बजट की कमी का हवाला देकर पल्ला झाड़ रहा प्रशासन
ग्रामीणों ने रोष व्यक्त करते हुए बताया कि उन्होंने खैरना खड्ड पर तरंगड़ी (पुल) के पुनर्निर्माण के लिए कई बार प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से गुहार लगाई। लेकिन हर बार “बजट नहीं है” का रोना रोकर मामले को रफा-दफा कर दिया जाता है।
“क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? बच्चों और बुजुर्गों के लिए इस रास्ते से गुजरना हर पल मौत को दावत देने जैसा है।” > — स्थानीय निवासी
ग्रामीणों ने फिर लगाई गुहार
वायरल वीडियो के बाद एक बार फिर स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से पुरजोर मांग की है कि किसी अनहोनी या दुर्घटना होने से पहले इस तरंगड़ी की तुरंत मरम्मत करवाई जाए, ताकि लोगों का आवागमन सुरक्षित हो सके।











